सर्दियों में कई लोगों को पैरों और हाथों की उंगलियों में सूजन, खुजली और दर्द की समस्या होने लगती है। कुछ मामलों में उंगलियां लाल या नीले रंग की दिखाई देने लगती हैं और रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल हो जाता है।
Finger swelling in winter: दिसंबर के आखिर से जनवरी तक ठंड अपने चरम पर पहुंच जाती है। इस दौरान हाथ-पैरों को सर्दी से बचाना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है। खासकर सर्दियों में कई लोगों को पैरों और हाथों की उंगलियों में सूजन, खुजली और दर्द की समस्या होने लगती है। कुछ मामलों में उंगलियां लाल या नीले रंग की दिखाई देने लगती हैं और रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल हो जाता है।
डॉक्टरों के मुताबिक, ठंड के मौसम में ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो जाता है, जिससे यह समस्या बढ़ सकती है। हालांकि, सिर्फ ठंड ही नहीं बल्कि शरीर में कुछ जरूरी विटामिन और मिनरल की कमी भी उंगलियों में सूजन का एक बड़ा कारण हो सकती है। खासतौर पर विटामिन बी12, विटामिन डी और मैग्नीशियम की कमी से यह परेशानी ज्यादा देखने को मिलती है।
Finger swelling in winter क्यों होती है?
सर्दियों में धूप कम निकलती है, जिससे शरीर में विटामिन डी का स्तर गिरने लगता है। इसके अलावा ठंड के कारण लोग हाथ-पैर ज्यादा समय तक ढके रखते हैं या गीले हाथ-पैरों के साथ ठंड में रहते हैं। कई बार घंटों तक पैर लटकाकर बैठने से भी ब्लड फ्लो प्रभावित होता है, जिससे सूजन की समस्या हो जाती है। लेकिन अगर यह परेशानी बार-बार हो रही है, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है।
विटामिन बी12 की कमी से बढ़ती है समस्या
विटामिन बी12 शरीर के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है। यह नसों को स्वस्थ रखने और लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। जब शरीर में विटामिन बी12 की कमी होने लगती है, तो इसका असर पैरों की उंगलियों पर दिखाई देता है। शुरुआत में झनझनाहट, सुन्नपन और हल्का दर्द महसूस होता है, लेकिन समय के साथ सूजन भी बढ़ सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, विटामिन बी12 की कमी लंबे समय तक रहने पर नसों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे चलने-फिरने में भी दिक्कत आने लगती है।
विटामिन बी12 के लिए क्या खाएं?
विटामिन बी12 की कमी दूर करने के लिए दूध, दही, पनीर, अंडा और फोर्टिफाइड अनाज को डाइट में शामिल करना चाहिए। नॉनवेज खाने वालों के लिए मछली, चिकन, मीट और लिवर अच्छे विकल्प हैं। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट भी लिया जा सकता है।
विटामिन डी की कमी भी बनती है वजह
सर्दियों में उंगलियों और पैरों में सूजन का एक और बड़ा कारण विटामिन डी की कमी है। ठंड के मौसम में धूप कम मिलने से शरीर में विटामिन डी का स्तर तेजी से घटता है। विटामिन डी की कमी से ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है, जिससे खून का प्रवाह ठीक से नहीं हो पाता और उंगलियों में सूजन व दर्द होने लगता है।कई मामलों में ठंड और विटामिन डी की कमी मिलकर सूजन की समस्या को और गंभीर बना देती है।
विटामिन डी के लिए क्या करें?
विटामिन डी की कमी दूर करने के लिए सुबह की हल्की धूप लेना सबसे अच्छा उपाय है। इसके अलावा मशरूम, मछली, संतरा, अंजीर, केला और कीवी जैसे फलों का सेवन फायदेमंद होता है। गाय के दूध और विटामिन डी फोर्टिफाइड फूड्स भी डाइट में शामिल किए जा सकते हैं।
मैग्नीशियम की कमी से भी बढ़ सकती है सूजन
अगर शरीर में विटामिन बी12 और विटामिन डी के साथ मैग्नीशियम की भी कमी हो जाए, तो पैरों में सूजन और भारीपन की समस्या और बढ़ जाती है। मैग्नीशियम नसों और मांसपेशियों को मजबूत करता है और ब्लड फ्लो को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसकी कमी से पैरों में कमजोरी, ऐंठन और सूजन की शिकायत हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि 40 साल की उम्र के बाद शरीर में मैग्नीशियम की जरूरत और बढ़ जाती है, इसलिए इस उम्र के लोगों को खास ध्यान रखना चाहिए।
मैग्नीशियम के लिए क्या खाएं?
मैग्नीशियम की कमी दूर करने के लिए नट्स, साबुत अनाज, हरी पत्तेदार सब्जियां और सीड्स को डाइट में शामिल करें। बादाम, काजू, पालक और कद्दू के बीज इसके अच्छे स्रोत हैं।
कब डॉक्टर से संपर्क करें?
अगर उंगलियों की सूजन लंबे समय तक बनी रहे, दर्द बढ़ जाए या रंग बदलने लगे, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। यह समस्या सिर्फ ठंड की नहीं, बल्कि किसी अंदरूनी कमी या बीमारी का संकेत भी हो सकती है।
curd in winter हानिकारक या फायदेमंद? आयुर्वेद और साइंस दोनों का स्पष्ट जवाब जानें






