पंजाब के जालंधर शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थानीय नेता Lucky Oberai की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पंजाब के जालंधर शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थानीय नेता Lucky Oberai की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मॉडल टाउन इलाके में स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां रोज़ की तरह लक्की ओबोराय सुबह मत्था टेकने पहुंचे थे। हमलावरों ने बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
Lucky Oberai की हत्या कब हुई?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना सुबह करीब 8:15 बजे की है। Lucky Oberai अपनी थार गाड़ी से गुरुद्वारे पहुंचे थे। जैसे ही वह बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने अचानक उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि 7 से 8 राउंड फायर किए गए, जिनमें से कम से कम पांच गोलियां लक्की के शरीर में लगीं। कुछ गोलियां उनके सीने और सिर में लगीं, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गोलीबारी के बाद Lucky Oberai को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दौरान उनकी थार गाड़ी भी गोलियों से छलनी हो गई। कार के शीशे टूटे हुए थे और मौके पर गोलियों के खोखे बिखरे पड़े थे, जो हमले की भयावहता को दर्शा रहे थे।
पंजाब में फिर उभरा गैंगवार का डर
यह घटना पंजाब में हाल के वर्षों में हुई हाई-प्रोफाइल हत्याओं की कड़ी में एक और नाम जोड़ती है। इससे पहले मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की भी इसी तरह कार के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लक्की ओबोराय की हत्या के बाद एक बार फिर राज्य में कानून-व्यवस्था और गैंगवार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच में जुटी पुलिस, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही जालंधर पुलिस और इन्वेस्टिगेशन टीम के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी स्तर के अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जानकारी के अनुसार हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
AAP नेताओं ने जताया शोक
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इस हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पार्टी नेता गुरचरण सिंह चन्नी ने बताया कि Lucky Oberai पार्टी से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्होंने कहा, “हमें सूचना मिली है कि उन पर फायरिंग हुई है। यह बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है।” पार्टी नेताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पत्नी भी रही हैं राजनीति में सक्रिय
Lucky Oberai का राजनीतिक परिवार से जुड़ाव भी रहा है। उनकी पत्नी ने आम आदमी पार्टी की ओर से नगर निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि वह चुनाव जीत नहीं पाईं। लक्की कैंट विधानसभा क्षेत्र की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे और स्थानीय राजनीति में उनका अच्छा प्रभाव था।
स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़
लक्की ओबोराय जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में रहते थे और एक युवा स्थानीय नेता के रूप में सक्रिय थे। वह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर लगातार काम करते रहते थे। क्षेत्र में लोगों की समस्याओं को उठाने और मौके पर समाधान कराने के कारण उनकी पहचान बनी थी। उनकी हत्या से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े धार्मिक स्थल के बाहर हुई इस हत्या से आम लोगों में डर का माहौल है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
ड्रग्स रेड में ग्लैमर का काला सच! कौन हैं Anju Krishna, जिनके साथ 7 लोग पकड़े गए
हादसा या इंसानियत की परीक्षा? Uttarakhand Bus Accident में नोटों के बैग पर मचा बवाल







