Greater Noida Suicide Case: त्नी से झगड़ा, साली पर हमला, फिर मौत की छलांग बिना सुसाइड नोट, 16वीं मंजिल से छलांग
Greater Noida Suicide Case: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पैरामाउंट इमोशंस सोसायटी से मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के बाद एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पहले अपनी साली पर चाकू से हमला किया और फिर 16वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे सोसायटी परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान शत्रुघ्न सिन्हा (38) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पटना, बिहार के रहने वाले थे। सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।
11 साल पहले हुई थी शादी, एक 8 साल का बेटा
पुलिस के अनुसार शत्रुघ्न सिन्हा पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। उनकी शादी करीब 11 साल पहले हुई थी और उनका एक 8 साल का बेटा है। बताया जा रहा है कि वह पिछले छह महीनों से बेरोजगार थे, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में चल रहे थे। वहीं उनकी पत्नी एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं और घर की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
शराब के नशे में बढ़ा विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। कुछ दिनों से मृतक की साली भी उसी फ्लैट में रह रही थी। मंगलवार को घटना के समय शत्रुघ्न ने शराब पी रखी थी।
इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है कि शत्रुघ्न ने पत्नी के साथ मारपीट करने की कोशिश की। जब साली बीच-बचाव के लिए आगे आई, तो उसने सब्जी काटने वाले चाकू से साली के हाथ पर वार कर दिया। घायल साली को तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया।
पुलिस को सूचना, आने से पहले कूद गया इंजीनियर
बताया जा रहा है कि घटना के बाद पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। जैसे ही पुलिस की पीआरवी टीम मौके पर पहुंचने वाली थी, उससे पहले ही शत्रुघ्न ने फ्लैट का दरवाजा बंद किया और बालकनी से नीचे छलांग लगा दी।
उन्हें गंभीर हालत में यथार्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस का बयान
एसीपी सेंट्रल नोएडा पवन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू कलह, लंबे समय से बेरोजगारी और शराब के नशे की बात सामने आई है। साली को आई चोटों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
पुलिस का यह भी कहना है कि फिलहाल किसी परिजन की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। कुछ लोग इसे सिर्फ आत्महत्या का मामला मानने से पहले गहन जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स यह भी सवाल उठा रहे हैं कि अगर इसी तरह की परिस्थितियों में कोई महिला आत्महत्या करती, तो क्या जांच का रुख अलग होता।
हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि बिना ठोस सबूत किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता और जांच हर एंगल से की जा रही है।
एक गंभीर सामाजिक सवाल
यह मामला सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि मानसिक तनाव, बेरोजगारी, घरेलू विवाद और नशे जैसे मुद्दों पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक तनाव में रहने वाले लोगों को समय रहते काउंसलिंग और भावनात्मक सहयोग मिलना बेहद जरूरी है।
पुलिस ने अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और कानून को अपना काम करने दें।
यह भी पढ़े







