सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस समझौते की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि भारत पर लगाया गया कुल टैरिफ अब घटाकर 18% कर दिया गया है।
India US trade deal: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से जिस अहम ट्रेड डील का इंतजार किया जा रहा था, उस पर आखिरकार मुहर लग गई है। सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस समझौते की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि भारत पर लगाया गया कुल टैरिफ अब घटाकर 18% कर दिया गया है। इससे पहले भारत पर 50% तक टैरिफ लागू था, जिसे लेकर दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
यह ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प के बीच हुई फोन बातचीत के कुछ घंटों बाद सामने आया। ट्रम्प ने रात करीब 10:30 बजे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस ट्रेड डील की जानकारी साझा की।
50% से 18% तक कैसे बदली टैरिफ तस्वीर
दरअसल, अप्रैल 2025 में अमेरिका ने भारत पर 25% ‘रेसिप्रोकल टैरिफ’ लगाया था। इसके बाद अगस्त में रूस से कच्चा तेल खरीदने के कारण भारत पर अतिरिक्त 25% पेनल्टी टैरिफ लगाने का ऐलान किया गया। इस तरह भारत पर कुल टैरिफ 50% तक पहुंच गया था।
अब व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI और न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि रूस से तेल खरीद को लेकर लगाया गया 25% अतिरिक्त टैरिफ पूरी तरह हटा दिया जाएगा। इसके बाद भारत पर केवल 18% टैरिफ ही लागू रहेगा, जो अमेरिका के साथ व्यापार करने वाले देशों में सबसे कम दरों में से एक मानी जा रही है।
तेल खरीद पर बड़ा बदलाव
राष्ट्रपति ट्रम्प के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल खरीदने को बंद करने और अमेरिका से अधिक मात्रा में ऊर्जा उत्पाद खरीदने पर सहमति जताई है। जरूरत पड़ने पर भारत वेनेजुएला से तेल आयात करने के विकल्प पर भी विचार करेगा।
ट्रम्प ने दावा किया कि भारत ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत अमेरिका से 500 अरब डॉलर (करीब 46 लाख करोड़ रुपये) से अधिक के उत्पाद खरीदेगा। इसमें ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, कृषि उत्पाद, कोयला और अन्य औद्योगिक सामान शामिल होंगे। ट्रम्प ने इसे अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए “ऐतिहासिक जीत” बताया।
ट्रम्प का सोशल मीडिया पोस्ट
ट्रम्प ने अपने पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत करना उनके लिए सम्मान की बात रही। उन्होंने कहा कि यह ट्रेड डील दोनों नेताओं के बीच वर्षों से चली आ रही दोस्ती और आपसी भरोसे का नतीजा है। ट्रम्प के मुताबिक, भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को धीरे-धीरे शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
पीएम मोदी का जवाब
ट्रम्प के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि मेड-इन-इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% किया जाना भारत के लिए बड़ी राहत है। मोदी ने इसे दोनों देशों के आर्थिक संबंधों के लिए “शानदार फैसला” बताते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति का धन्यवाद किया।
मोदी ने यह भी कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ काम करते हैं, तो इससे वैश्विक व्यापार और लोगों के जीवन पर सकारात्मक असर पड़ता है।
अमेरिकी राजदूत की पुष्टि: भारत अब कम टैरिफ वाले देशों में
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने NDTV से बातचीत में ट्रेड डील की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में कुछ तकनीकी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होने बाकी हैं, लेकिन समझौता लगभग तय हो चुका है।
राजदूत गोर के मुताबिक, यह टैरिफ समझौता भारत को उन देशों की सूची में ले आया है, जिन पर अमेरिका सबसे कम टैरिफ लगाता है। उन्होंने इसे मोदी-ट्रम्प संबंधों की बड़ी कूटनीतिक सफलता बताया।
इंडिया गेट की तस्वीर और ‘आर्क डी ट्रम्प’ का जिक्र
ट्रम्प ने पीएम मोदी से बातचीत से पहले ‘ट्रुथ सोशल’ पर भारत से जुड़ी दो तस्वीरें भी साझा कीं। एक तस्वीर इंडिया गेट की थी, जिसे उन्होंने “ट्रायम्फल आर्च” बताते हुए खूबसूरत कहा। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वॉशिंगटन डीसी में उनके नाम से बनने वाला ‘आर्क डी ट्रम्प’ दुनिया के सबसे भव्य स्मारकों में से एक होगा।
व्हाइट हाउस के अधिकारियों के मुताबिक, इस स्मारक का डिजाइन पेरिस के आर्क डी ट्रायम्फ से प्रेरित है और इसके निर्माण की योजना खुद ट्रम्प ने तैयार की है।
Budget 2026 Political Reactions: Budget 2026 को लेकर देश बड़े राजनेताओं ने क्या कुछ कहा? यहाँ पढ़िए
Border 2 box office: Border 2 का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, 10 दिनों में 275 करोड़ पार







