Nitish Kumar viral video: नीतीश कुमार का महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने वाला वीडियो वायरल, जानिए पूरा मामला
Nitish Kumar viral video: बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। इस बार वजह बना है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मुख्यमंत्री एक नवनियुक्त मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर का हिजाब खींचते हुए नजर आ रहे हैं। यह घटना सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां 1283 आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे थे।
कार्यक्रम का मकसद डॉक्टरों को सरकारी सेवा में शामिल होने पर सम्मानित करना था, लेकिन एक पल में यह पूरा आयोजन विवाद की भेंट चढ़ गया।
Bihar CM pulls hijab of woman doctor
वीडियो में देखा जा सकता है कि जब एक महिला आयुष डॉक्टर हिजाब पहनकर मंच पर नियुक्ति पत्र लेने पहुंचती हैं, तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनसे पूछते हैं—
“ये क्या है?”
इसके बाद नीतीश कुमार थोड़ा आगे झुकते हैं और महिला डॉक्टर का हिजाब नीचे खींच देते हैं। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो जाती है।
मंच पर उस वक्त बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे, जो मुख्यमंत्री को ऐसा करते वक्त रोकने की कोशिश करते नजर आते हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार वीडियो में मुस्कुराते हुए दिखाई देते हैं।
यह दृश्य सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं और कुछ ही घंटों में यह वीडियो वायरल हो गया।
विपक्ष का हमला तेज
वीडियो वायरल होते ही विपक्षी पार्टियों ने नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोल दिया। कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस वीडियो को साझा करते हुए मुख्यमंत्री के व्यवहार को अशोभनीय और अपमानजनक बताया।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, “बिहार के मुख्यमंत्री एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींच रहे हैं। अगर राज्य का मुखिया ऐसा करेगा तो महिलाओं की सुरक्षा का क्या होगा?”
आरजेडी ने तो और तीखा हमला करते हुए नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति पर सवाल उठा दिए। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और मुख्यमंत्री को इस पर जवाब देना चाहिए।
JDU की सफाई
विपक्ष के आरोपों के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने मुख्यमंत्री का बचाव किया है। पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि एक छोटे वीडियो क्लिप को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में महिलाओं और अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए काम किया है और इस घटना को उसी नजर से नहीं देखा जाना चाहिए।
हालांकि, इस सफाई से विवाद थमता नजर नहीं आ रहा।
धार्मिक और सामाजिक प्रतिक्रिया
इस मामले पर धार्मिक और सामाजिक संगठनों की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। देवबंदी मौलाना कारी इसहाक गोरा ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया।
उन्होंने कहा की “एक तरफ महिलाएं सम्मान की बात होती है और दूसरी तरफ एक महिला का सार्वजनिक मंच पर अपमान किया जाता है। नीतीश कुमार को देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।”
पाकिस्तान तक पहुंची चर्चा
यह मामला सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। पाकिस्तान में भी इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। पाकिस्तानी विश्लेषकों और पत्रकारों ने इसे मुस्लिम महिला के साथ दुर्व्यवहार का मामला बताते हुए आलोचना की।
हालांकि, कुछ लोगों ने इसे संस्कृति, आधुनिकता और पितृसत्ता के नजरिए से देखने की बात भी कही।
पहले भी विवादों में रहे हैं नीतीश कुमार
यह पहली बार नहीं है जब नीतीश कुमार के सार्वजनिक व्यवहार को लेकर सवाल उठे हों। हाल के वर्षों में कई मौकों पर उनके अजीब व्यवहार के वीडियो सामने आते रहे हैं।
कभी राष्ट्रीय गान के दौरान हंसते हुए दिखना,
कभी कार्यक्रम में अचानक ताली बजाना,
तो कभी अधिकारियों के साथ असहज व्यवहार—
इन सबने पहले भी लोगों को हैरान किया है।
सबसे बड़ा सवाल क्या है?
इस पूरे विवाद के बीच सबसे अहम सवाल यही है—
क्या किसी महिला की सहमति के बिना, सार्वजनिक मंच पर उसके पहनावे को छूना सही था?
यह मामला अब सिर्फ राजनीति का नहीं रह गया है। यह महिला सम्मान, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सार्वजनिक आचरण से जुड़ा एक गंभीर सवाल बन चुका है।
अब देखना यह होगा कि नीतीश कुमार या उनकी सरकार इस पर कोई स्पष्ट जवाब या माफी देती है या नहीं। फिलहाल, यह वीडियो बिहार की राजनीति में एक नई बहस छेड़ चुका है।
यह भी पढ़े
MGNREGA की जगह VB-G RAM G बिल, क्या है नया ग्रामीण रोजगार कानून?







