पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के Asansol से शुक्रवार रात एक बेहद तनावपूर्ण और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां मस्जिद में लाउडस्पीकर बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
Asansol Violence: पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के Asansol से शुक्रवार रात एक बेहद तनावपूर्ण और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां मस्जिद में लाउडस्पीकर बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामला आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी का है, जहां सैकड़ों की संख्या में जमा हुई उग्र भीड़ ने पुलिस चौकी को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई से भड़की नाराजगी
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इलाके में स्थित एक मस्जिद में तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने को लेकर कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नियमों का हवाला देते हुए लाउडस्पीकर की आवाज कम करने अथवा उसे बंद कराने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर कुछ स्थानीय लोग नाराज हो गए।
Asansol चौकी में घुसकर तोड़फोड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उग्र भीड़ ने पुलिस चौकी को चारों तरफ से घेर लिया और अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। कई पत्थर पुलिस चौकी के अंदर तक फेंके गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान चौकी परिसर में खड़ी कई मोटरसाइकिलों और वाहनों को निशाना बनाया गया। उपद्रवियों ने वाहनों को जमीन पर गिराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के वायरल वीडियो में सड़क पर फैले पत्थर, टूटी गाड़ियां और भागती भीड़ साफ दिखाई दे रही है। इलाके की कई दुकानों ने भी एहतियातन अपने शटर बंद कर दिए। कुछ समय के लिए पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया था।
पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे
स्थिति लगातार बिगड़ती देख पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ काबू से बाहर हो गई तो पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। इसके बावजूद भीड़ पीछे नहीं हटी तो आंसू गैस के कई गोले छोड़े गए, जिसके बाद धीरे-धीरे लोग मौके से हटने लगे।
सूत्रों के अनुसार, झड़प के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें भी आई हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से घायल लोगों की संख्या जारी नहीं की गई है।
CCTV और वीडियो फुटेज से होगी पहचान
घटना के बाद Asansol-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस PVG सतीश ने कहा कि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों को चिन्हित किया जाएगा।
उन्होंने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च भी शुरू कर दिया है ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखा जा सके।
कोलकाता के राजाबाजार में भी हुआ था विवाद
Asansol में हुए इस बवाल से पहले शुक्रवार दिन में कोलकाता के राजाबाजार इलाके में भी नमाज को लेकर तनाव की स्थिति बन गई थी। जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग सड़क पर नमाज पढ़ने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं दी।
इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। हालांकि कोलकाता पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मामले को ज्यादा बढ़ने नहीं दिया और यातायात सामान्य बनाए रखा।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
दो अलग-अलग घटनाओं के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की है और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल Asansol में हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
Bengaluru ATM cash van robbery: आरबीआई अधिकारी बनकर बदमाशों ने उड़ाए करोड़ों, पुलिस अलर्ट पर
