Padmaavat Jauhar Controversy: स्वरा भास्कर की सफाई, ‘पद्मावत’ बयान पर बोलीं- मेरी बात का गलत मतलब निकाला गया
Padmaavat Jauhar Controversy: अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने ‘पद्मावत’ के जौहर दृश्य पर अपने पुराने बयान को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया। स्वरा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कायर नहीं कहा, बल्कि फिल्म में दृश्य की प्रस्तुति और सामाजिक संदेश पर सवाल उठाए थे।
Padmaavat Jauhar Controversy: अभिनेत्री “स्वरा भास्कर” बयान को लेकर चर्चा में
बॉलीवुड अभिनेत्री “स्वरा भास्कर” एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मामला “संजय लीला भंसाली” की फिल्म “पद्मावत” के जौहर वाले सीन से जुड़ा है। स्वरा ने इस सीन पर अपनी आपत्ति जाहिर की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। अब अभिनेत्री ने एक वीडियो जारी कर अपने बयान पर सफाई दी है और कहा है कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया।
दरअसल, 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘Woman, Life, Freedom’ कार्यक्रम में स्वरा भास्कर से “पद्मावत” को लेकर सवाल किया गया था। बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म के क्लाइमैक्स में दिखाए गए जौहर के दृश्य पर अपनी आपत्ति जाहिर की। स्वरा ने कहा कि उन्हें इस दृश्य की प्रस्तुति बेहद प्रोब्लेमैटिक लगी थी।
स्वरा ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बात स्पष्ट की
बयान का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। कई लोगों ने आरोप लगाया कि स्वरा ने रानी ”पद्मावती” और जौहर करने वाली महिलाओं को कायर बताया है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ काफी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
बढ़ते विवाद के बीच स्वरा ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत अनुवाद किया गया और उसे ऐसे तरीके से फैलाया गया, जिससे उनके कहने का मतलब ही बदल गया।
रानी ‘पद्मावती’ और दूसरी महिलाओं को कायर नहीं कहा
स्वरा ने साफ कहा कि उन्होंने न तो रानी ”पद्मावती” को कायर कहा और न ही महल की दूसरी महिलाओं को कायर बताया। उनके मुताबिक, उनका सवाल फिल्म में जौहर को दिखाने के तरीके को लेकर था, न कि उस ऐतिहासिक घटना में शामिल महिलाओं के साहस पर टिप्पणी करना।
“स्वरा” ने अपने बयान में क्या मुद्दा उठाया ?
स्वरा ने अपने बयान में यह मुद्दा उठाया कि अगर किसी महिला के साथ यौन हिंसा होती है, तो क्या उसके बाद उसकी जिंदगी खत्म मान ली जानी चाहिए? उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं से गुजरने वाली महिलाओं को यह संदेश नहीं मिलना चाहिए कि उनके पास आगे जीने का अधिकार नहीं है।
अभिनेत्री ने फिल्म के एक और दृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें गर्भवती महिला को जौहर करते हुए दिखाया जाना भी परेशान करने वाला लगा। उनका सवाल था कि इस तरह की प्रस्तुति दर्शकों तक किस तरह का संदेश पहुंचाती है। स्वरा ने बताया कि फिल्म देखने के बाद उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय कुछ दिन इंतजार किया था। इसके बाद भी जब उन्हें लगा कि फिल्म का यह हिस्सा उन्हें परेशान कर रहा है, तो उन्होंने संजय लीला भंसाली को एक खुला पत्र लिखा था।
“Padmaavat” साल 2018
यह विवाद उस फिल्म से जुड़ा है जो अपनी रिलीज से पहले ही काफी चर्चा में रही थी। ‘पद्मावत’ साल 2018 में रिलीज हुई थी। फिल्म में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने रतन सिंह और रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभाई थी। फिल्म की कहानी और खास तौर पर जौहर के दृश्य को लेकर उस समय भी देशभर में काफी बहस और विरोध देखने को मिला था।
अब कई साल बाद स्वरा के बयान ने ‘पद्मावत’ से जुड़े पुराने विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया है। एक तरफ लोग जौहर को ऐतिहासिक संदर्भ और महिलाओं के साहस से जोड़कर देखते हैं, तो दूसरी तरफ स्वरा जैसे लोग फिल्मों में ऐसे दृश्यों की प्रस्तुति और उनके संभावित सामाजिक प्रभाव पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल स्वरा ने अपनी तरफ से स्थिति साफ कर दी है कि उनका बयान रानी पद्मावती को कायर कहने के लिए नहीं था। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश न किया जाए और पूरी बात को संदर्भ के साथ समझा जाए।
अब देखना होगा कि स्वरा की इस सफाई के बाद विवाद थमता है या ‘पद्मावत’ का यह पुराना मुद्दा एक बार फिर सोशल मीडिया पर नई बहस को जन्म देता है।
यह भी पढ़े: SIM Card Smuggling: दिल्ली में जासूसी नेटवर्क का खुलासा, दंपति गिरफ्तार
