Download Our App

Follow us

Home » आतंकवाद » सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग, बाइक सवारों ने की 4 राउंड फायरिंग

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग, बाइक सवारों ने की 4 राउंड फायरिंग

सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने रविवार सुबह 5 बजे फायरिंग की गई। 2 बाइक सवारों ने 4 राउंड फायर किए। जिस वक्त फायरिंग हुई, उस वक्त सलमान अपने घर में ही थे।

इस घटना के बाद महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने सलमान खान से फोन पर बात की। शिंदे ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से भी बात करते हुए सलमान की सिक्योरिटी बढ़ाने के लिए कहा है। उनके घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खान को लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गैंग ने जान से मारने की धमकी दी थी।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की

घटना के बाद मौके पर पहुंची मुंबई पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने हमलावरों की पहचान करने के लिए आस-पास के CCTV फुटेज खंगाले। पुलिस के हाथ एक CCTV फुटेज भी लगा है जिसमें आरोपी चेहरा ढके हुए नजर आ रहा है।

बालकनी पर मिले गोली के निशान

इस घटना पर मुंबई के पुलिस उपायुक्त राज तिलक रोशन ने कहा, ‘इस मामले को मुंबई पुलिस ने रजिस्टर्ड कर लिया है। इसकी तहकीकात क्राइम यूनिट कर रही है।’ बालकनी पर फोरेंसिक टीम को गोली के निशान मिले है। अब तक सलमान के घर पर दो गोली के निशान मिले हैं। एक बाहरी दीवार पर और दूसरा बालकनी के दीवार पर। इस मामले में मुंबई पुलिस ने गैलेक्सी अपार्टमेंट के 4 वॉचमैन के बयान दर्ज किए हैं, जो घटना के समय वहां मौजूद थे।

ग्राउंड फ्लोर पर अकेले रहते हैं सलमान

सलमान बीते 40 साल से अपने परिवार के साथ इसी घर में रह रहे हैं। अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर सलमान का घर है। वो यहां 1BHK L शेप अपार्टमेंट में अकेले रहते हैं। वहीं उनके पैरेंट्स 8 मंजिला गैलेक्सी अपार्टमेंट के फर्स्ट फ्लोर पर रहते हैं।

मार्च 2023 में लॉरेंस बिश्नोई ने दी थी सलमान को धमकी

मार्च 2023 में लॉरेंस बिश्नोई से धमकी मिलने के बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है।

NIA ने कहा था कि खान उन 10 लोगों की लिस्ट में टॉप पर हैं, जिन्हें जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने मारने की धमकी दी थी। 1998 के काले हिरण के शिकार घटना से बिश्नोई समुदाय नाराज है, जिसका हवाला देते हुए लॉरेंस ने एक TV इंटरव्यू में उन्हें मारने की धमकी दी थी।

धमकी के बाद मिली Y+ सिक्योरिटी

सलमान के साथ पहले महाराष्ट्र पुलिस के जवान रहते थे, लेकिन धमकी मिलने के बाद उन्हें Y+ कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। इस सुरक्षा घेरे में सलमान के साथ 11 जवान हर समय साथ रहते हैं, इसमें एक या दो कमांडो और 2 PSO भी शामिल होते हैं। सलमान की गाड़ी के आगे और पीछे एस्कॉर्ट करने के लिए दो गाड़ियां हमेशा रहती हैं। इसके साथ-साथ सलमान की गाड़ी भी पूरी तरह बुलेटप्रूफ है।

 

 

 

Shree Om Singh
Author: Shree Om Singh

Leave a Comment

RELATED LATEST NEWS