जयमाला के बाद चली गोली: Wedding Stage पर Bride Shooting से मचा हड़कंप!
Bride Shooting: शादी का घर… बैंड-बाजे की गूंज… स्टेज पर सजे दूल्हा-दुल्हन… और खुशियों से भरी भीड़। लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ ही सेकंड में यह जश्न चीख-पुकार में बदल जाएगा। बिहार के बक्सर जिले के चौसा नगर पंचायत में मंगलवार की रात एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुरेमनपुर से बारात आई थी। रात करीब 10:30 बजे जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर खड़े थे और एक-दूसरे को वरमाला पहनाने ही वाले थे। तभी अचानक भीड़ में से एक युवक आगे बढ़ा। किसी को कुछ समझ में आता, उससे पहले उसने पिस्टल निकाली और दुल्हन आरती कुमारी पर गोली चला दी।
गोली दुल्हन के पेट में, नाभि के पास लगी। वह लहूलुहान होकर स्टेज पर ही गिर पड़ी। शादी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अफरा-तफरी के बीच आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रेम प्रसंग का एंगल
Wedding Stage Firing Incident को लेकर स्थानीय लोगों का दावा है कि गोली चलाने वाला युवक दीनबंधु पड़ोस में रहने वाला है और उसे दुल्हन का कथित प्रेमी बताया जा रहा है। चर्चा है कि दुल्हन की शादी तय होने से वह नाराज था और इसी गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है कि मामला पूर्व नियोजित साजिश था या फिर अचानक लिया गया फैसला।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जयमाला के दौरान अचानक भगदड़ मच जाती है और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगते हैं।
अस्पताल में जिंदगी की जंग
गोली लगने के तुरंत बाद परिजनों ने दुल्हन को सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली शरीर के नाजुक हिस्से में लगी है, जिससे स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। फिलहाल दुल्हन जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई
मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शादी समारोह स्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। बक्सर के डीएसपी गौरव पांडेय ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले भी एक शराब से जुड़े मामले में जेल जा चुका है।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना के बाद बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई। जिस गांव में कुछ घंटे पहले शहनाई बज रही थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है। दुल्हन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और दोषी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। हर कोई यही दुआ कर रहा है कि दुल्हन जल्द ठीक हो जाए और उसे इंसाफ मिले।
जयमाला के मंच पर चली यह गोली सिर्फ एक परिवार की खुशियां नहीं ले गई, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अब सबकी नजरें पुलिस की कार्रवाई और अस्पताल से आने वाली अच्छी खबर पर टिकी हैं।
यह भी पढ़े
70 साल के दूल्हे की 22 साल की दुल्हन, Pakistan Wedding ने छेड़ी नई बहस!
इलाज के लिए उड़ान भरी… मौत ने बीच आसमान में घेरा! Ranchi Air Ambulance Crash में 7 की मौत







