CEC Gyanesh Kumar: CEC के खिलाफ INDIA ब्लॉक का मार्च, बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी, लहराया तिरंगा
CEC Gyanesh Kumar: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मंगलवार को INDIA ब्लॉक के सांसदों ने दिल्ली में विरोध मार्च निकाला। यह मार्च संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग के मुख्यालय, निर्वाचन सदन की ओर निकाला गया। विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची में किए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
मार्च का नेतृत्व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने किया। प्रदर्शन के दौरान सांसदों के हाथों में पोस्टर और सीईसी ज्ञानेश कुमार के कटआउट दिखाई दिए। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में अनियमितताएं हैं और इससे मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका मार्च
INDIA ब्लॉक के सांसद जब संसद से आगे बढ़े तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें नीती आयोग के पास रोक दिया। इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और रास्ते में बैरिकेड लगाए गए थे। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद कई विपक्षी सांसद सड़क पर ही बैठ गए और धरना देने लगे।
इसी दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़ते हुए नजर आए। उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर उसे लहराया। राहुल गांधी के इस कदम का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी चर्चा में हैं।
राहुल गांधी ने की CEC के इस्तीफे की मांग
मार्च से पहले राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “Gyanesh, it’s done bro. Time to resign.” विपक्षी दल लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के SIR को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
विपक्ष का कहना है कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। वहीं, बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।
सुप्रीम कोर्ट में भी SIR को लेकर सुनवाई
SIR को लेकर विवाद अब अदालत तक पहुंच चुका है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उसने फॉर्म-6 के किसी संशोधित प्रारूप को मंजूरी नहीं दी है। अदालत ने केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त समेत संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है। हालांकि, अदालत ने फिलहाल मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने या उनके खिलाफ एकतरफा अंतरिम आदेश देने से इनकार किया।
विपक्ष का आंदोलन आगे भी जारी रखने का ऐलान
INDIA ब्लॉक के नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध आगे भी जारी रखने की बात कही है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश के अनुसार मार्च शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना था। विपक्ष ने आने वाले दिनों में जिला स्तर पर पदयात्राओं और “वोट बचाओ, देश बचाओ” अभियान के तहत रैलियां आयोजित करने की भी घोषणा की है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच दिल्ली में विपक्ष और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति देखने को मिली। राहुल गांधी का बैरिकेड पर चढ़कर तिरंगा लहराना इस विरोध प्रदर्शन का प्रमुख दृश्य बन गया है।
