Kolkata Hotel Fire: कोलकाता के होटल में भीषण आग, बच्चे समेत 9 की मौत
Kolkata Hotel Fire: कोलकाता के फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल में भीषण आग से एक बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई। करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। शुरुआती जांच में फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल उठे हैं। पुलिस होटल मालिक और स्टाफ की तलाश कर रही है।
कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। बुधवार करीब 2 बजे कोलकाता के फ्री स्कूल स्ट्रीट इलाके में स्थित एक होटल में भीषण आग लग गई। यह इलाका न्यू मार्केट के पास शहर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाकों में से एक है।
बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
आग लगने के बाद होटल के अंदर कई मेहमान फंस गए, जिसके बाद बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, इस आग में मारे गए लोगों में बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल थे। ANI के अनुसार, वे इलाज के लिए कोलकाता आए थे और होटल में ठहरे हुए थे।
होटल में आग से बचाव के जरूरी सुरक्षा इंतजाम मौजूद नहीं थे।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि होटल में आग से बचाव के जरूरी सुरक्षा इंतजाम मौजूद नहीं थे। अधिकारियों की जांच में फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। कोलकाता पुलिस ने मामला दर्ज कर होटल मालिक और स्टाफ की तलाश शुरू कर दी है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
वहीं, एक नाबालिग समेत 9 लोग बेहोशी की हालत में मिले, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में से एक की पहचान झारखंड के रहने वाले व्यक्ति के रूप में हुई है।
आग की वजह एयर कंडीशनर में हुआ धमाका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग होटल की तीसरी मंजिल से शुरू हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि आग की वजह एयर कंडीशनर में हुआ धमाका हो सकता है। हालांकि, आग लगने की सटीक वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है। आग फैलते ही होटल के कमरों में धुआं तेजी से भर गया, जिससे मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई। घबराए हुए लोग तुरंत होटल से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।
रात करीब 2:07 बजे आग लगने की सूचना
फायर ब्रिगेड को रात करीब 2:07 बजे आग लगने की सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। आग की सूचना मिलते ही चार दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान में जुट गई। दमकलकर्मियों ने इमारत के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।
हादसे में 9 लोगों की मौत
घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों को सीढ़ियों से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी मुश्किल हुई। एक पुलिस अधिकारी ने PTI को बताया कि हादसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और आग लगने की वजह का पता लगाना है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।”
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से भी एक होटल में भीषण आग का मामला
कोलकाता होटल अग्निकांड से महज दो दिन पहले पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में भी एक होटल में भीषण आग लगी थी। 17 अगस्त की तड़के तारापीठ के होटल बिदेशिनी में आग लगने से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। लगातार दो होटल हादसों ने राज्य में फायर सेफ्टी इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आग सुबह करीब 4:30 बजे पांच मंजिला होटल की ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई, उस समय ज्यादातर मेहमान सो रहे थे। यह होटल तारापीठ मंदिर के पास स्थित पवित्र तालाब के किनारे बना था।
हादसे में मेघालय के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
हादसे में मेघालय के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह परिवार होटल की सबसे ऊपरी मंजिल पर ठहरा हुआ था। आग लगने का पता चलते ही परिवार ने बच्चों के साथ बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन नीचे आते समय उन्हें आग की लपटों का सामना करना पड़ा। हादसे में घायल लोगों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया।
