Meta Investment in CRED: 8550 करोड़ के डील के बाद Kunal Shah संभालेंगे WhatsApp की कमान
Meta Investmet: Meta ने भारत की फिनटेक कंपनी CRED में 8550 करोड़ रुपये यानी करीब 90 करोड़ डॉलर का बड़ा निवेश करने का ऐलान किया है। इस निवेश के साथ ही CRED के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुणाल शाह अब WhatsApp की वैश्विक जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी ने इस बदलाव की आधिकारिक जानकारी दी है। वहीं, CRED में रणनीति और वित्त विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे मितेन संपत को अंतरिम सीईओ बनाया गया है।
Meta Investment के साथ CRED को मिली नई रफ्तार
CRED ने बताया कि यह फंडिंग उसके सीरीज-एच निवेश दौर के तहत की जा रही है। इस निवेश के बाद कंपनी का मूल्यांकन करीब 4.5 अरब डॉलर यानी लगभग 43,239 करोड़ रुपये पहुंच गया है। मेटा कंपनी में अल्पांश हिस्सेदारी खरीदेगी, लेकिन उसे CRED के ग्राहकों के डेटा तक पहुंच नहीं मिलेगी।
कंपनी के अनुसार, यह निवेश प्राथमिक और द्वितीयक शेयर खरीद के माध्यम से किया जाएगा। इस पूंजी का इस्तेमाल कंपनी अपने कारोबार को और मजबूत करने, नई सेवाओं का विस्तार करने और भविष्य की योजनाओं को आगे बढ़ाने में करेगी। CRED ने कहा कि कंपनी भुगतान, ऋण, बीमा, निवेश और लाइफस्टाइल से जुड़ी सेवाओं में विस्तार कर रही है।
Kunal Shah बनेंगे WhatsApp के नए प्रमुख
META के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग ने जानकारी दी कि व्हाट्सएप के मौजूदा प्रमुख विल कैथकार्ट सात वर्षों के बाद अपने पद से हट रहे हैं। वह मेटा के भीतर ही नई जिम्मेदारी संभालेंगे और नए उत्पादों के विकास पर काम करेंगे।
मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि कुणाल शाह ने CRED को भारत की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियों में शामिल किया है। उनके पास वैश्विक सोच और नई चीजें बनाने का अनुभव है, जो दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप का नेतृत्व करने में मदद करेगा।
कुणाल शाह भी मेटा के साथ जुड़ने को लेकर उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप ने अब तक लंबा सफर तय किया है, लेकिन इसकी संभावनाएं अभी भी काफी बड़ी हैं। वह इसे अगले स्तर तक ले जाने की दिशा में काम करेंगे।
CRED के पास हैं 1.7 करोड़ सक्रिय सदस्य
साल 2018 में शुरू हुई CRED आज देश की प्रमुख फिनटेक कंपनियों में शामिल है। कंपनी के मुताबिक उसके प्लेटफॉर्म पर हर महीने लगभग 1.7 करोड़ सदस्य सक्रिय रहते हैं। CRED भारत में होने वाले कुल क्रेडिट कार्ड बिल भुगतान का 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सा प्रोसेस करती है।
कंपनी ने बताया कि उसके पास भुगतान, लोन, बीमा और वेल्थ मैनेजमेंट से जुड़े कई उत्पाद मौजूद हैं। पिछले कुछ वर्षों में कंपनी ने तेजी से अपना कारोबार बढ़ाया है और निवेशकों का भरोसा भी हासिल किया है।
FreeCharge से CRED तक का रहा कुणाल शाह का सफर
कुणाल शाह भारतीय स्टार्टअप जगत के जाने-माने नाम हैं। CRED शुरू करने से पहले उन्होंने FreeCharge की स्थापना की थी। बाद में FreeCharge का अधिग्रहण स्नैपडील ने किया था। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2018 में CRED की शुरुआत की और इसे देश की प्रमुख फिनटेक कंपनियों में शामिल किया।
मेटा की ओर से किए गए इस निवेश को भारत के स्टार्टअप क्षेत्र में उसके सबसे बड़े निवेशों में से एक माना जा रहा है। कंपनी का मानना है कि भारत आने वाले समय में डिजिटल भुगतान और बिजनेस मैसेजिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बाजार बना रहेगा।
Meta Investment के बाद अंतरिम सीईओ बने मितेन संपत
कुणाल शाह के मेटा की वैश्विक टीम में शामिल होने के बाद मितेन संपत को तत्काल प्रभाव से CRED का अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह वर्ष 2020 से कंपनी में रणनीति और वित्त विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
कंपनी ने कहा है कि भविष्य की दीर्घकालिक नेतृत्व व्यवस्था को लेकर बोर्ड और वरिष्ठ प्रबंधन लगातार काम कर रहे हैं। ताजा निवेश के बाद CRED अपने कारोबार को और मजबूत करने तथा आने वाले समय में संभावित सार्वजनिक निर्गम यानी आईपीओ की तैयारियों पर भी ध्यान देगी।
यह भी पढ़े …
Tej Pratap Yadav के सरकारी आवास में बड़ी चोरी! पार्टी फण्ड के 20 लाख रुपये गायब, PA के खिलाफ FIR दर्ज
