Air India: एयर इंडिया फ्लाइट हादसा, 300 फीट गिरा विमान, पायलट का मारिजुआना टेस्ट पॉजिटिव
Air India: एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट AI2379 में अचानक करीब 300 फीट की गिरावट से 20 यात्री और 4 क्रू सदस्य घायल हुए। हादसे के बाद PIC का मारिजुआना ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आया। एक यात्री ने पायलट के नशे में होने का दावा किया है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। AAIB मामले की जांच कर रहा है।
Air India: एयर इंडिया की फुकेट-Delhi फ्लाइट में अचानक विमान की ऊंचाई करीब 300 फीट कम हो गई, जिससे 24 लोग घायल हुए। इसी बीच, एक यात्री ने दावा किया है कि उड़ान से पहले पायलट नशे में लग रहा था। हालांकि, यह यात्री का आरोप है और इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
यात्री का यह दावा उस वक्त सामने आया जब फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड यानी PIC का मारिजुआना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया, मारिजुआना एक मनो-सक्रिय पदार्थ है। 4 अगस्त को हुई इस घटना में एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 के 20 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स घायल हुए थे। घटना को गंभीर मानते हुए Aircraft Accident Investigation Bureau यानी AAIB ने जांच शुरू कर दी है। जांच में हादसे की वजह और उससे जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पायलटों का मनो-सक्रिय पदार्थों के लिए ड्रग टेस्ट किया गया
फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने के बाद SOP के तहत दोनों पायलटों का मनो-सक्रिय पदार्थों के लिए ड्रग टेस्ट किया गया। शुरुआत में पायलट-इन-कमांड यानी PIC का टेस्ट “नॉन-नेगेटिव” आया, यानी नतीजा अभी कन्फर्म नहीं था और दोबारा जांच जरूरी थी। इसके बाद पायलट का सैंपल कन्फर्मेटरी टेस्ट के लिए एक अधिकृत लैब भेजा गया। रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित पायलट का कन्फर्मेटरी ड्रग टेस्ट भी पॉजिटिव आया है। एक अधिकारी ने बताया कि पायलट के सैंपल में मारिजुआना की पुष्टि हुई है।
पायलट जवाब देने में धीमा और उसकी आंखें लाल थीं।
यात्री ने NDTV को बताया कि वह और उसका भाई फ्लाइट में सबसे आखिर में सवार हुए थे और पायलट भी उनके साथ ही आया। यात्री के मुताबिक, पायलट जवाब देने में काफी धीमा था और उसकी आंखें लाल थीं। तभी उसने अपने भाई से कहा कि पायलट शायद नशे में है। यात्री के मुताबिक, इसके बाद फ्लाइट में जो हुआ, वो सभी के सामने है। यात्री ने कहा कि उस वक्त ये तय करना मुश्किल था कि मामला इतना गंभीर है कि फ्लाइट में सवार ही न हुआ जाए। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर जब उन्होंने मीडिया से कहा कि पायलट नशे में लग रहा था, तो कुछ लोगों ने उनका मज़ाक उड़ाया।
फुकेट-Delhi एयर इंडिया फ्लाइट में आखिर क्या हुआ?
एयर इंडिया की फुकेट-Delhi फ्लाइट में सफर के दौरान तेज़ टर्बुलेंस के चलते विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे गिरा, जिससे कई यात्री घायल हो गए। कुछ यात्रियों के सिर और पीठ पर चोटें आईं। ANI से बात करते हुए एक यात्री ने बताया कि सुबह के वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे, तभी फ्लाइट अचानक जोर से हिलने लगी और ऐसा लगा जैसे विमान पलट रहा हो। यात्री के मुताबिक, करीब 2 से 3 मिनट तक विमान में इसी तरह तेज़ हलचल होती रही।
यात्री ने बताया कि फ्लाइट में करीब 15 से 20 लोग घायल हुए। किसी के सिर पर चोट लगी, एक बच्चा भी घायल हुआ, जबकि यात्री की कमर और उसके भाई के कंधे पर चोट आई। उन्होंने दावा किया कि उनके भाई के कान के पर्दे भी प्रभावित हुए हैं। यात्री के मुताबिक, फ्लाइट में करीब 70 से 80 प्रतिशत यात्रियों को चोटें आईं और अब वे नुकसान को लेकर एयर इंडिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
लैंडिंग के बाद पायलट की चौंकाने वाली बात
दिल्ली में लैंडिंग के बाद पायलट कॉकपिट से बाहर आया और यात्रियों से वीडियो रिकॉर्ड न करने को कहा। यात्री का दावा है कि पायलट ने कहा-“बात का बतंगड़ बन जाएगा।” यात्री ने आरोप लगाया कि उस वक्त लोग जिंदगी और मौत की स्थिति में थे, लेकिन पायलट की प्राथमिकता मेडिकल मदद दिलाने के बजाय दिल्ली पहुंचना थी। यात्री के मुताबिक, लखनऊ में लैंडिंग का विकल्प भी सामने आया था, लेकिन वहां बेहतर मेडिकल सुविधाएं न होने की बात कहकर दिल्ली में ही लैंडिंग की गई।
फुकेट-Delhi फ्लाइट की जांच कर रहा AAIB
घटना के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया था कि जांच पूरी होने तक DGCA ने दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया है। अब इस पूरे मामले की जांच Aircraft Accident Investigation Bureau यानी AAIB कर रहा है। जांच में फ्लाइट में हुई अचानक गिरावट, यात्रियों के घायल होने और पायलटों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
सरकार की ओर से मंगलवार को जारी बयान में बताया गया कि AAIB मामले से जुड़े सभी सबूतों को व्यवस्थित तरीके से जुटाने, सुरक्षित रखने और उनकी जांच करने में जुटा है। इसमें विमान और उसके सिस्टम की जांच, फ्लाइट डेटा, ऑपरेशन और मेंटेनेंस रिकॉर्ड, मेडिकल जानकारी और संबंधित लोगों से पूछताछ शामिल है।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। उनका कहना है कि जांच अभी जारी है, इसलिए फिलहाल किसी भी निष्कर्ष या जांच से जुड़ी जानकारी पर टिप्पणी करना संभव नहीं है। एयर इंडिया ने कहा कि वह जांच कर रही संबंधित एजेंसियों को पूरी मदद और सहयोग जारी रखेगी।
यह भी पढ़े:
