Apple Launch 2026: iPhone Duo से AirPods 5 तक, Apple के बड़े लॉन्च
Apple Launch 2026: एक ऐसा फोन जो मुड़कर छोटा हो जाए, लेकिन कीमत सुनकर आपका बजट जरूर सीधा हो जाए! Apple ने iPhone Duo से फोल्डेबल दुनिया में कदम रखा। साथ ही iPhone 18 Pro, Watch Series 12 और AirPods 5 भी आए। आखिर इन नए Apple गैजेट्स की कीमत और खासियत क्या है?
iPhone Duo से लेकर Airpods 5 तक, जानिए कीमत और खासियत
Apple ने 9 सितंबर को आयोजित अपने ‘सरप्राइज एंड शाइन’ कार्यक्रम में कई नए उत्पाद पेश किए। इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण कंपनी का पहला मुड़ने वाला आईफोन आईफोन डुओ रहा। इसके साथ एपल ने iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max, Apple watch Series 12, Apple watch Ultra 4 और Airpod 5 भी पेश किए।
इस बार कंपनी ने सामान्य मॉडल वाला iPhone 18 लॉन्च नहीं किया। Apple ने इस कार्यक्रम में अपने महंगे और प्रीमियम मॉडल पर ज्यादा ध्यान दिया।
Apple का पहला मुड़ने वाला फोन, iPhone Duo
Apple ने पहली बार मुड़ने वाले स्मार्टफोन बाजार में कदम रखा है। कंपनी ने अपने पहले फोल्डेबल फोन का नाम iPhone Duo रखा है। यह फोन किताब की तरह खुलता है। खुलने के बाद इसमें करीब 7.6 इंच की बड़ी अंदरूनी स्क्रीन मिलती है, जबकि बाहर की तरफ 5.4 इंच की स्क्रीन दी गई है। फोन बंद होने पर यह काफी छोटा हो जाता है और आसानी से जेब में रखा जा सकता है।
iPhone Duo की कीमत
भारत में iPhone Duo की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये रखी गई है। इसमें 256 जीबी से लेकर 2 टीबी तक भंडारण का विकल्प मिलेगा। भारत में इसकी बिक्री 23 अक्टूबर से शुरू होगी।
किन रंगों में मिलेगा?
iPhone Duo को दो रंगों में पेश किया गया है:
- स्टार व्हाइट
- नाइट स्काई
पुराने iPhone से कितना अलग है?
iPhone Duo की सबसे बड़ी खासियत इसका मुड़ने वाला डिजाइन है। सामान्य iPhone की तुलना में इसे खोलने के बाद यूजर को ज्यादा बड़ी स्क्रीन मिलती है। इसमें एक साथ दो ऐप चलाने की सुविधा भी दी गई है, जिससे काम करने या मनोरंजन के दौरान बड़ी स्क्रीन का फायदा उठाया जा सकता है।
फोन में A20 Pro चिप दी गई है। यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े काम, ग्राफिक्स और सामान्य प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए तैयार की गई है। फोन में Apple पेंसिल का समर्थन भी मिलता है।
iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max भी हुए लॉन्च
Apple ने अपने नए प्रीमियम स्मार्टफोन iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max भी पेश किए हैं। दोनों फोन में नया A20 प्रो चिपसेट दिया गया है। कंपनी ने कैमरा, बैटरी, गर्म होने की समस्या को नियंत्रित करने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े फीचर्स में सुधार किया है।
कीमत
भारत में इनकी शुरुआती कीमत इस प्रकार है—
- iPhone 18 Pro: 1,64,900 रुपये
- iPhone 18 Pro Max: 1,79,900 रुपये
दोनों फोन 256 जीबी, 512 जीबी, 1 टीबी और 2 टीबी भंडारण विकल्पों में उपलब्ध होंगे। भारत में इनके लिए अग्रिम बुकिंग 12 सितंबर से शुरू होगी और बिक्री 18 सितंबर से शुरू होगी।
iPhone 18 Pro के रंग?
iPhone 18 Pro और Pro Max को चार रंगों में पेश किया गया है:
- काला
- सिल्वर
- ग्लेशियर
- बरगंडी
कैमरे में क्या हुआ बदलाव?
iPhone 18 Pro सीरीज में कैमरे को बड़ा अपग्रेड मिला है। फोन में 48 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है, जिसमें बदलने वाला अपर्चर है। इसका फायदा यह है कि अलग-अलग रोशनी में तस्वीर लेते समय कैमरे पर ज्यादा नियंत्रण मिलेगा। पेशेवर फोटोग्राफी और वीडियो बनाने वालों के लिए यह फीचर खास तौर पर उपयोगी हो सकता है। फोन में कैमरे की कई सेटिंग को खुद नियंत्रित करने की सुविधा भी दी गई है।
बैटरी में भी सुधार
iPhone 18 Pro Max में बड़ी बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक इसमें 45 घंटे तक वीडियो चलाने की क्षमता है। iPhone 18 Pro में यह आंकड़ा करीब 36 घंटे तक बताया गया है।
इस बार सामान्य iPhone 18 क्यों नहीं आया?
Apple के इस कार्यक्रम में सामान्य iPhone 18 का लॉन्च नहीं हुआ। यह कंपनी के लिए एक बड़ा बदलाव है, क्योंकि आमतौर पर सितंबर के कार्यक्रम में सामान्य iPhone मॉडल भी पेश किया जाता रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक सामान्य iPhone 18 को 2027 की शुरुआत में पेश किया जा सकता है, हालांकि Apple ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Apple Watch Series 12 और Apple Watch Ultra 4
Apple ने नई Apple Watch Series 12 भी लॉन्च की। इसमें स्वास्थ्य पर नजर रखने वाले सेंसर को बेहतर किया गया है। घड़ी में हृदय गति और दूसरी स्वास्थ्य गतिविधियों की निगरानी को ज्यादा बेहतर बनाया गया है। इसके साथ नई S11 चिप दी गई है।
कंपनी ने ज्यादा मजबूत और खेल-केंद्रित उपयोग के लिए Apple Watch Ultra 4 भी पेश की। इसमें भी नई S11 चिप और स्वास्थ्य संबंधी नए सेंसर दिए गए हैं। इसकी बैटरी सामान्य इस्तेमाल में 50 घंटे तक चल सकती है, जबकि कम बिजली वाले मोड में यह अवधि 84 घंटे तक पहुंच सकती है।
भारत में इसकी शुरुआती कीमत 1,09,900 रुपये बताई गई है।
AirPods 5 में मिला बड़ा बदलाव
Apple ने नए AirPods 5 भी लॉन्च किए हैं। इसकी सबसे खास बात यह है कि कंपनी ने खुले डिजाइन वाले इन AirPods में पहली बार सक्रिय शोर नियंत्रण की सुविधा दी है। इसका मतलब है कि AirPods आसपास की अनचाही आवाज को कम करने में मदद करेंगे। इसमें अनुकूली ध्वनि, पारदर्शिता मोड और लाइव अनुवाद जैसे फीचर भी दिए गए हैं।
भारत में AirPods 5 की शुरुआती कीमत 14,900 रुपये बताई गई है, जबकि वायरलेस चार्जिंग केस वाले मॉडल की कीमत 17,900 रुपये है।
नए iPhone के साथ पुराने मॉडल भी हुए महंगे
Apple के नए iPhone Launch के साथ भारत में कंपनी के कुछ पुराने iPhone मॉडल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। यानी ग्राहकों को सिर्फ नए मॉडल के लिए ही ज्यादा कीमत नहीं चुकानी होगी, बल्कि कुछ पुराने मॉडल भी पहले के मुकाबले महंगे हो गए हैं।
सॉफ्टवेयर में भी बड़े बदलाव
हार्डवेयर के अलावा Apple ने अपने नए सॉफ्टवेयर अपडेट भी पेश किए हैं। आईओएस 27, मैकओएस 27 और वॉचओएस 27 के साथ कंपनी ने अपने कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित फीचर्स को और बेहतर किया है।
Apple के आवाज आधारित सहायक सिरी को भी ज्यादा समझदार बनाया गया है, ताकि वह यूजर के सवालों और काम के संदर्भ को बेहतर तरीके से समझ सके। इन सॉफ्टवेयर अपडेट को 14 सितंबर से जारी किया जाएगा।
एक नजर में एपल के नए लॉन्च
- iPhone Duo: 2,99,900 रुपये
- iPhone 18 Pro: 1,64,900 रुपये
- iPhone 18 Pro Max: 1,79,900 रुपये
- Apple Watch Series 12: 56,900 रुपये
- Apple Watch Ultra 4: 1,09,900 रुपये
- AirPods 5: 14,900 रुपये
सबसे ज्यादा नजर अब आईफोन डुओ पर रहेगी, क्योंकि यह एपल का पहला मुड़ने वाला आईफोन है और इसकी कीमत भी अब तक के सबसे महंगे iphone में शामिल है।
