कौन हैं Balen Shah और कैसे बदल रहे हैं नेपाल की राजनीति के समीकरण?
बदलाव के केंद्र में उभरकर सामने आए हैं काठमांडू के मेयर और युवा नेता Balen Shah।
नेपाल की राजनीति इन दिनों एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। लंबे समय तक राजघरानों, पारंपरिक दलों और कम्युनिस्ट नेतृत्व के इर्द-गिर्द घूमने वाली सत्ता व्यवस्था अब नए चेहरों की ओर बढ़ती दिख रही है। इसी बदलाव के केंद्र में उभरकर सामने आए हैं काठमांडू के मेयर और युवा नेता Balen Shah।
सामान्य चुनावों के रुझानों में उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) को बड़ी बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। अगर यह बढ़त बरकरार रहती है तो नेपाल की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत हो सकती है। खास बात यह है कि बालेन शाह का उभार पारंपरिक राजनीति से अलग एक ऐसे दौर का संकेत देता है जिसमें युवाओं की भूमिका, सोशल मीडिया की ताकत और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनभावना प्रमुख कारक बनकर उभरी है।
Table of Contents
ToggleGen-Z की नाराजगी का असर?
पिछले कुछ वर्षों में नेपाल में राजनीतिक अस्थिरता लगातार बढ़ी है। पिछले एक दशक में देश में कई सरकारें बदल चुकी हैं, जिससे जनता के बीच असंतोष बढ़ता गया।
युवा पीढ़ी, खासकर Gen-Z, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और राजनीतिक अस्थिरता से नाराज रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए यह असंतोष खुलकर सामने आया। यही माहौल एंटी-इनकम्बेंसी की लहर में बदल गया, जिसने पारंपरिक दलों के लिए चुनौती खड़ी कर दी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस माहौल ने Balen Shah जैसे नए और युवा नेता को तेजी से लोकप्रिय बनने का अवसर दिया।
Balen Shah: रैपर से नेता तक
साउथ एशिया मामलों के विशेषज्ञ डॉ. श्रीश पाठक के मुताबिक बालेन शाह का राजनीतिक उभार आधुनिक वैश्विक राजनीति के ट्रेंड से मेल खाता है।
करीब 35 साल के Balen Shah पहली बार 2013 में चर्चा में आए, जब उन्होंने अपने रैप गीतों के जरिए सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर आवाज उठाई। रैप संगीत की परंपरा हमेशा से मुख्यधारा व्यवस्था के खिलाफ विरोध दर्ज कराने से जुड़ी रही है, और बालेन शाह ने इसी माध्यम से भ्रष्टाचार और व्यवस्था की कमियों को निशाना बनाया।
उनकी यह शैली युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुई और धीरे-धीरे उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बना ली।
काठमांडू के मेयर के तौर पर मिली लोकप्रियता
Balen Shah ने पारंपरिक पार्टी राजनीति से अलग रास्ता अपनाते हुए पहले निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में काठमांडू के मेयर का चुनाव लड़ा। राजधानी शहर होने की वजह से काठमांडू में किए गए छोटे-छोटे प्रशासनिक बदलाव भी जल्दी चर्चा में आ जाते हैं।
मेयर बनने के बाद बालेन शाह ने शहरी प्रबंधन, अवैध निर्माण पर कार्रवाई और प्रशासनिक पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर काम किया। इन कदमों ने उन्हें आम लोगों के बीच लोकप्रिय बना दिया।
सोशल मीडिया ने उनकी छवि को और मजबूत किया, क्योंकि उनके काम और फैसले तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर वायरल होने लगे।
नेपाल की पारंपरिक राजनीति से अलग नई दिशा
नेपाल की राजनीति लंबे समय तक दो बड़े विचारधारात्मक धड़ों के बीच बंटी रही है। एक तरफ नेपाली कांग्रेस जैसी मध्यमार्गी या सेंट्रिस्ट पार्टियां रही हैं, जबकि दूसरी ओर माओवादी और कम्युनिस्ट दलों का मजबूत प्रभाव रहा है, जिनका नेतृत्व समय-समय पर के.पी. शर्मा ओली और पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ जैसे नेता करते रहे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक बालेन शाह की पार्टी RSP भी सेंट्रिस्ट विचारधारा की ओर झुकाव रखती है। इसका मतलब यह है कि पार्टी राष्ट्रवाद को महत्व देने के साथ-साथ वैश्वीकरण और उदार आर्थिक नीतियों को भी अपनाने की कोशिश कर सकती है।
‘नई राजनीति’ का मॉडल
कुछ राजनीतिक विश्लेषक Balen Shah के उभार की तुलना भारत में उभरी नई राजनीतिक धाराओं से भी करते हैं। जैसे दिल्ली में आम आदमी पार्टी के शुरुआती दौर में एक नई राजनीति और पारदर्शिता की बात की जाती थी, वैसे ही नेपाल में भी बालेन शाह को एक नई उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि विशेषज्ञ मानते हैं कि नई राजनीति के इन प्रयोगों की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि वे प्रशासनिक स्तर पर कितने प्रभावी साबित होते हैं।
भारत-नेपाल संबंधों पर क्या होगा असर?
नेपाल की राजनीति में बदलाव का असर भारत-नेपाल संबंधों पर भी पड़ सकता है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि चाहे कोई भी सरकार सत्ता में आए, नेपाल भारत की भूमिका को नजरअंदाज नहीं कर सकता।
नेपाल की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा विदेशों से आने वाले रेमिटेंस पर निर्भर है। बड़ी संख्या में नेपाली नागरिक पश्चिम एशिया और अन्य देशों में काम करते हैं और वहां से भेजा गया पैसा देश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाता है।
इसके अलावा नेपाल के हाइड्रो पावर सेक्टर के विकास और ऊर्जा निर्यात के लिए भारत एक बड़ा बाजार है। ऐसे में आर्थिक सहयोग दोनों देशों के रिश्तों को मजबूती देता रहेगा।
नई उम्मीदों के साथ नई चुनौतियां
अगर Balen Shah की पार्टी सत्ता में आती है या गठबंधन सरकार का नेतृत्व करती है, तो उनके सामने कई चुनौतियां होंगी। आर्थिक विकास, राजनीतिक स्थिरता, युवाओं की उम्मीदों को पूरा करना और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को संतुलित रखना उनके लिए बड़ी परीक्षा होगी।
फिलहाल इतना तय है कि नेपाल की राजनीति एक नए मोड़ पर खड़ी है, और बालेन शाह का उभार इस बदलाव की सबसे बड़ी कहानी बनकर सामने आया है।







