करीब 200 से अधिक झोपड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं।
Lucknow fire incident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र में बुधवार शाम एक भीषण आग ने तबाही मचा दी। सड़क किनारे बसी एक बड़ी झुग्गी बस्ती में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 200 से अधिक झोपड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इस हादसे में सैकड़ों परिवार बेघर हो गए और उनका वर्षों से जुटाया गया सामान कुछ ही मिनटों में राख में तब्दील हो गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित परिवारों की आंखों में बेबसी और दर्द साफ नजर आ रहा था।
राहत और बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
Lucknow fire incident की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। अमरेंद्र सिंह सेंगर, पुलिस कमिश्नर लखनऊ ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया था और तेजी से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य में लगी रहीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि किसी के फंसे होने की आशंका को खत्म किया जा सके।
सीएम योगी ने राहत व्यवस्था के निर्देश
इस घटना पर योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों के पुनर्वास और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने को कहा।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी रहने की व्यवस्था नजदीकी मिनी स्टेडियम, कम्युनिटी सेंटर और रैन बसेरों में की जा रही है।
“सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है” – डिप्टी सीएम
बृजेश पाठक ने कहा कि सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रभावित लोगों को भोजन, पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।
स्थानीय बोले फायर ब्रिगेड देर से पहुंची
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा भी देखा गया। उनका आरोप है कि आग लगने की सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचीं, जिसके चलते आग ने इतना बड़ा रूप ले लिया।
हालांकि, प्रशासन ने इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी लिया अपडेट
लखनऊ से सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी Lucknow fire incident पर चिंता जताई। उन्होंने जिलाधिकारी से फोन पर बात कर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
भाजपा के स्थानीय नेतृत्व के अनुसार, राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए और घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
Lucknow fire incident कारणों की होगी जांच
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। शुरुआती अंदाजा शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ से आग लगने का लगाया जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
अधिकारियों का कहना है कि जब तक राहत और बचाव कार्य पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक किसी को भी प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बेघर हुए लोगों के सामने बड़ा संकट
इस हादसे के बाद सैकड़ों परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। उनके सामने रहने, खाने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन द्वारा अस्थायी राहत जरूर दी जा रही है, लेकिन लंबे समय के पुनर्वास की चुनौती अभी बाकी है।
यह घटना एक बार फिर शहरी क्षेत्रों में झुग्गी बस्तियों की सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर सवाल खड़े करती है।
यह भी पढ़े:
Delhi Fire Tragedy: 45 मिनट की Fire Brigade Delay ने ली 9 जिंदगियां, बच्चों को फेंककर बचानी पड़ी जान
Karol Bagh fire incident: दक्षिणपुरी में 3 की मौत, करोलबाग में आग से मचा हड़कंप!
