Chhatron Ki Goonj: PM मोदी की हुंकार, सच या सियासी वार?
Chhatron Ki Goonj: एक तरफ गूंज रही है छात्रों की आवाज़, दूसरी तरफ उठी है ‘झूठ की गूंज’ की बात। आखिर यह इशारा किसकी ओर है? वडोदरा में विकास परियोजनाओं के बीच पीएम मोदी ने क्या संदेश दिया? और फ्री रजिस्ट्रेशन खुलते ही एक घंटे में सभी सीटें कैसे भर गईं?
Chhatron Ki Goonj: ‘झूठ की गूंज’, ‘छात्रों की गूंज’ ?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि देश का युवा ‘झूठ की गूंज’ के बजाय सच्चाई की बुलंद आवाज़ के साथ आगे बढ़ रहा है। उनके इस बयान को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर परोक्ष निशाने के तौर पर देखा जा रहा है। ये बयान प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के वडोदरा में अपने दौरे के दौरान दिया। वे यहां ₹35,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करने पहुंचे थे।
”झूठ की गूंज फैलाने वाले तो आपको हर चौराहे पर मिल जाएंगे, लेकिन भारत का नौजवान सच की हुंकार के साथ चलता है, सच की हुंकार के साथ आगे बढ़ता है और सच की हुंकार के लिए काम करता है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में आयोजित ‘NaMo for Viksit Bharat’ कार्यक्रम के दौरान यह बात कही।
प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा ?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब तक देशभर में 55 लाख परिवार अपनी छतों पर सोलर प्लांट लगा चुके हैं, जिनमें से 11 लाख परिवार गुजरात के हैं। उन्होंने कहा कि सोलर प्लांट लगाने से कई परिवार अब बिजली उपभोक्ता के साथ-साथ बिजली उत्पादक भी बन गए हैं। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं-चाहे बात सोलर पैनल के उत्पादन की हो, इंस्टॉलेशन की या फिर सर्विस की।
पीएम मोदी के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया से बड़ी संख्या में नए वेंडर्स और छोटे कारोबार भी जुड़े हैं। प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ (Chhatron Ki Goonj) नाम से चलाए जा रहे देशव्यापी जनसंपर्क अभियान और छात्र आंदोलन की ओर सीधा इशारा करती हुई नजर आई। यह अभियान कांग्रेस ने शुरू किया है और इसकी अगुवाई लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कर रहे हैं।
भारी भीड़ जुटने की उम्मीद थी, वजह BookMyShow रजिस्ट्रेशन
राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पेपर लीक और परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर छात्रों के बीच बढ़ते गुस्से को उठाता है। इसमें NEET विवाद जैसे मामले भी शामिल हैं। वहीं, वडोदरा में पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर भी भारी भीड़ जुटने की उम्मीद थी। इसकी वजह थी BookMyShow पर फ्री रजिस्ट्रेशन को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स।
पहली बार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आम लोगों की एंट्री के लिए BookMyShow के जरिए फ्री रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया। PTI के मुताबिक, वडोदरा नगर निगम ने रजिस्ट्रेशन मैनेज करने के लिए इस प्राइवेट डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया। रजिस्ट्रेशन खुलते ही लोगों का ऐसा जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला कि सिर्फ एक घंटे के अंदर ही सभी सीटें बुक हो गईं।
यह भी पढ़े: Swatantra Bhardwaj: आरोपी स्वातंत्र भारद्वाज फरार, दिल्ली पुलिस की तलाश जारी
