मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश जारी कर सुनिश्चित करने को कहा है कि राज्य के सभी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों का वेतन होली से पहले उनके खातों में पहुंच जाए।
CM Yogi Holi announcement: उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए होली से पहले बड़ी राहत भरी खबर आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश जारी कर सुनिश्चित करने को कहा है कि राज्य के सभी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों का वेतन होली से पहले उनके खातों में पहुंच जाए। सरकार का कहना है कि त्योहार के मद्देनज़र किसी भी कर्मचारी को आर्थिक असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।
सरकार की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग, संविदा और सफाईकर्मियों को भी समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वेतन वितरण में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी श्रेणी के कर्मियों को समय पर भुगतान का आदेश
प्रदेश सरकार ने यह भी कहा है कि होली जैसे बड़े त्योहार पर कर्मचारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वेतन समय से पहले जारी करना प्राथमिकता होनी चाहिए। खासतौर पर आउटसोर्सिंग और संविदा कर्मचारियों के भुगतान को लेकर अक्सर शिकायतें सामने आती रही हैं, ऐसे में इस बार सरकार ने पहले से ही स्पष्ट निर्देश देकर स्थिति को दुरुस्त करने की कोशिश की है।
विभागाध्यक्षों और जिला स्तरीय अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे अपने-अपने कार्यालयों में भुगतान प्रक्रिया की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी कर्मचारी का वेतन अटका न रहे।
28 फरवरी रहेगा कार्यदिवस
सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 28 फरवरी 2026 (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित किया है। इसका उद्देश्य यह है कि वेतन वितरण और अन्य जरूरी सरकारी कार्य समय पर पूरे किए जा सकें। अधिकारियों से कहा गया है कि वे इस दिन पूर्ण उपस्थिति के साथ कार्यालयीन कार्य संपन्न कराएं।
होली पर तीन दिन का अवकाश
प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों को होली के अवसर पर तीन दिन की छुट्टी देने का भी ऐलान किया है। 2, 3 और 4 मार्च 2026 को राज्य के सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहेगा। 3 मार्च को होलिका दहन (छोटी होली) मनाई जाएगी, जबकि 4 मार्च 2026 (बुधवार) को रंगों का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा।
तीन दिन के अवकाश से कर्मचारियों को अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने का भरपूर अवसर मिलेगा। इससे न केवल कार्य संतुष्टि बढ़ेगी, बल्कि कर्मचारियों का मनोबल भी मजबूत होगा।
त्योहार पर सुरक्षा और शांति व्यवस्था के निर्देश
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को यह भी निर्देश दिया है कि होली के दौरान कानून-व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली और पानी की आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से बनी रहें। पुलिस और प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।
स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रहने को कहा गया है, ताकि किसी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। नगर निकायों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और त्योहार के बाद विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
क्या 1 मार्च से बंद हो जाएगा आपका WhatsApp? जानिए SIM Binding का पूरा नियम





