आज ज्यादातर लोग दिन में 6 से 10 घंटे तक स्क्रीन के सामने बिताते हैं। लगातार मोबाइल या कंप्यूटर देखने से आंखों की मांसपेशियां थक जाती हैं और आंखों पर दबाव बढ़ने लगता है।
Eye care tips: आज की डिजिटल लाइफ में मोबाइल, लैपटॉप और टीवी के बिना दिन की कल्पना करना भी मुश्किल है। सुबह उठते ही मोबाइल चेक करना और रात तक स्क्रीन देखते रहना अब आम आदत बन गई है। लेकिन यही आदत धीरे-धीरे हमारी आंखों की रोशनी पर असर डाल रही है। डॉक्टरों के मुताबिक पहले जहां उम्र बढ़ने के साथ नजर कमजोर होना सामान्य माना जाता था, वहीं अब बच्चों और युवाओं में भी आंखों की समस्या तेजी से बढ़ रही है। आंखों में जलन, धुंधला दिखाई देना, सिर दर्द और ड्राईनेस जैसी दिक्कतें अब बहुत आम हो गई हैं।
आंखों के विशेषज्ञ Dr. Digvijay Singh, जो Dharamshila Narayana Superspeciality Hospital में कंसल्टेंट ऑप्थेल्मोलॉजिस्ट हैं, बताते हैं कि अगर समय रहते लाइफस्टाइल नहीं बदला गया तो आने वाले समय में आंखों से जुड़ी समस्याएं और तेजी से बढ़ सकती हैं।
स्क्रीन टाइम बना आंखों का सबसे बड़ा दुश्मन
आज ज्यादातर लोग दिन में 6 से 10 घंटे तक स्क्रीन के सामने बिताते हैं। लगातार मोबाइल या कंप्यूटर देखने से आंखों की मांसपेशियां थक जाती हैं और आंखों पर दबाव बढ़ने लगता है।
इसके अलावा कम रोशनी में मोबाइल चलाना, अंधेरे कमरे में टीवी देखना और देर रात तक स्क्रीन देखना भी आंखों की सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आंखों को पर्याप्त आराम नहीं मिलता तो धीरे-धीरे नजर कमजोर होने लगती है।
इन आदतों से करे परहेज
सिर्फ स्क्रीन टाइम ही नहीं, कई और आदतें भी आंखों की सेहत पर असर डालती हैं। पोषण की कमी खासकर विटामिन A, C और ओमेगा-3 की कमी से आंखों की रोशनी कमजोर हो सकती है। नींद पूरी न लेना भी आंखों के लिए नुकसानदायक है। नींद की कमी से आंखों में थकान और सूखापन बढ़ जाता है।इसके अलावा धूल-धुएं वाले माहौल में ज्यादा रहना, तेज धूप में बिना सनग्लासेस के बाहर निकलना और स्मोकिंग करना भी आंखों के लिए खतरा बन सकता है।
क्या आंखों की रोशनी दोबारा बढ़ाई जा सकती है?
यह सवाल लगभग हर व्यक्ति के मन में आता है। डॉक्टरों के अनुसार, एक बार नजर कमजोर हो जाने के बाद उसे पूरी तरह वापस लाना हमेशा संभव नहीं होता। हालांकि सही खान-पान, हेल्दी लाइफस्टाइल और नियमित आई-केयर से आंखों की सेहत को बेहतर जरूर रखा जा सकता है।
अगर समय पर ध्यान दिया जाए तो कई मामलों में नजर को ज्यादा कमजोर होने से रोका जा सकता है।
आंखों के लिए अपनाएं ये Eye care tips
अगर आप अपनी आंखों को लंबे समय तक स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो कुछ आसान आदतें अपनाना बेहद जरूरी है।
- स्क्रीन से ब्रेक लें
लगातार मोबाइल या लैपटॉप देखने से बचें। हर 20 मिनट बाद कुछ सेकंड के लिए दूर की चीज देखें। - हेल्दी डाइट लें
गाजर, पालक, ब्रॉकली, शकरकंद और खट्टे फल आंखों के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। - धूप से बचाव करें
बाहर निकलते समय UV प्रोटेक्शन वाले सनग्लासेस पहनें। - भरपूर नींद लें
कम से कम 7-8 घंटे की नींद आंखों के लिए बेहद जरूरी है। - नियमित आई-चेकअप कराएं
समय-समय पर आंखों की जांच कराने से कई गंभीर समस्याओं का समय पर पता चल सकता है।
आंखों की थकान दूर करने वाली आसान एक्सरसाइज
डॉक्टरों के अनुसार कुछ आसान एक्सरसाइज आंखों के तनाव को कम करने में मदद कर सकती हैं।
पामिंग एक्सरसाइज
दोनों हथेलियों को हल्के से आंखों पर रखकर कुछ सेकंड आराम करें। इससे आंखों को तुरंत राहत मिलती है।
ब्लिंकिंग एक्सरसाइज
बार-बार पलक झपकाने से आंखों में नमी बनी रहती है और ड्राईनेस कम होती है।
फोकस एक्सरसाइज
पास और दूर की चीजों को बारी-बारी से देखने से आंखों की फोकस करने की क्षमता बेहतर होती है।
हालांकि एक्सरसाइज से आंखों की रोशनी पूरी तरह वापस नहीं आती, लेकिन आंखों की थकान और तनाव जरूर कम हो जाता है।
आंखों की रोशनी के लिए जरूरी पोषण
आंखों को स्वस्थ रखने में कुछ खास पोषक तत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विटामिन A रेटिना को स्वस्थ रखता है और साफ देखने में मदद करता है।
विटामिन C और E आंखों को ऑक्सिडेटिव डैमेज से बचाते हैं।
जिंक और ओमेगा-3 फैटी एसिड भी आंखों के लिए बेहद जरूरी होते हैं।
आंवला, संतरा, नींबू, बादाम, सूरजमुखी के बीज, दालें और साबुत अनाज जैसे फूड्स आंखों के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं।
इन गलतियों से रहें दूर
अगर आप आंखों की रोशनी को लंबे समय तक बनाए रखना चाहते हैं तो कुछ गलतियों से बचना जरूरी है। बहुत देर तक स्क्रीन देखना, पर्याप्त नींद न लेना, आंखों को बार-बार रगड़ना और स्मोकिंग करना आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
कॉन्टेक्ट लेंस का इस्तेमाल करने वालों को उसकी साफ-सफाई का खास ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि गंदे लेंस से आंखों में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
समय रहते करें देखभाल
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर हम अपनी रोजमर्रा की आदतों में थोड़ा बदलाव करें तो आंखों की रोशनी को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, स्क्रीन टाइम पर नियंत्रण और नियमित जांच—ये चार बातें आपकी आंखों को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में सबसे ज्यादा मददगार साबित हो सकती हैं।







