Epstein Sex Scandal में भारतीय फिल्म डायरेक्टर Mira Nair का नाम आया सामने
अमेरिकी न्याय विभाग (US Department of Justice) ने शुक्रवार देर रात जेफ्री Epstein Sex Scandal से जुड़ी हजारों गोपनीय फाइलें सार्वजनिक कर दी हैं। नई फाइलों में Mira Nair, एलन मस्क और बिल गेट्स से जुड़े बड़े दावे ने सबको हैरान कर कर दिया है। इन दस्तावेजों के सामने आने के बाद एक बार फिर यह हाई-प्रोफाइल मामला दुनिया भर में सुर्खियों में आ गया है। नई फाइलों में कई प्रभावशाली हस्तियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें भारतीय मूल की प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक मीरा नायर, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स शामिल हैं।
न्यूयॉर्क पोस्ट और डेली मेल समेत कई अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये फाइलें एपस्टीन के ईमेल, तस्वीरों और वीडियो रिकॉर्ड्स का हिस्सा हैं, जो जांच एजेंसियों के पास लंबे समय से सुरक्षित थे।
30 लाख पन्नों का डेटा, हजारों तस्वीरें और वीडियो
जस्टिस डिपार्टमेंट द्वारा जारी की गई फाइलों में करीब 30 लाख पेज, 1.8 लाख तस्वीरें और 2,000 से अधिक वीडियो शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का मकसद पारदर्शिता बढ़ाना और वर्षों पुराने इस मामले में छिपे तथ्यों को सामने लाना है।
हालांकि विभाग ने यह भी साफ किया है कि इन फाइलों में दर्ज हर नाम या ईमेल का मतलब किसी व्यक्ति की आपराधिक संलिप्तता नहीं है।
Mira Nair से जुड़ा मामला
नई फाइलों में 21 अक्टूबर 2009 का एक ईमेल सामने आया है, जिसे अमेरिकी फिल्म पब्लिसिस्ट पेगी सीगल ने जेफ्री एपस्टीन को भेजा था। इस ईमेल में सीगल ने लिखा कि वह गिस्लीन मैक्सवेल के मैनहट्टन स्थित टाउनहाउस में हुई एक आफ्टर-पार्टी से लौटी हैं।
ईमेल के अनुसार, यह पार्टी Mira Nair की 2009 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘एमेलिया’ की सफलता के जश्न में आयोजित की गई थी। इस फिल्म में हिलेरी स्वैंक ने प्रसिद्ध एविएटर एमेलिया ईयरहार्ट का किरदार निभाया था, जबकि रिचर्ड गियर उनके पति की भूमिका में थे।
ईमेल में दावा किया गया है कि इस पार्टी में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस और मीरा नायर समेत कई नामचीन हस्तियां मौजूद थीं। गौरतलब है कि मीरा नायर न्यूयॉर्क सिटी के मौजूदा मेयर जोहरान ममदानी की मां हैं।
एलन मस्क और एपस्टीन के बीच ईमेल संवाद
फाइलों में 2012 और 2013 के दौरान जेफ्री एपस्टीन और एलन मस्क के बीच हुए ईमेल संवाद का भी जिक्र है। दस्तावेजों के मुताबिक, एपस्टीन ने मस्क को कई बार अपने निजी द्वीप पर आने का निमंत्रण भेजा था।
इन ईमेल्स में यात्रा की तारीखें, हेलीकॉप्टर से आने की व्यवस्था और द्वीप पर होने वाली पार्टियों की चर्चा की गई थी। एक ईमेल में मस्क ने कथित तौर पर पूछा था, “आपके द्वीप पर सबसे जंगली पार्टी किस दिन होती है?”
हालांकि, फाइलों में कहीं भी यह पुष्टि नहीं होती कि एलन मस्क कभी एपस्टीन के द्वीप पर गए हों। मस्क पहले भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि उन्होंने एपस्टीन के सभी निमंत्रण ठुकरा दिए थे।
बिल गेट्स पर STD से जुड़ा विवादित दावा
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, सामने आए कुछ ईमेल्स में जेफ्री एपस्टीन ने दावा किया है कि बिल गेट्स को रूसी महिलाओं के साथ संबंधों के बाद यौन संक्रमण (STD) हुआ था। ईमेल्स में यह भी लिखा गया है कि गेट्स ने एपस्टीन से एंटीबायोटिक दवाएं मांगी थीं।
हालांकि इन आरोपों की किसी भी स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है और बिल गेट्स पहले ही एपस्टीन से जुड़े किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं।
एपस्टीन केस की पृष्ठभूमि
जेफ्री एपस्टीन केस की शुरुआत 2005 में फ्लोरिडा से हुई थी, जब एक 14 वर्षीय लड़की ने यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में जांच में सामने आया कि दर्जनों नाबालिग लड़कियों को मसाज के बहाने बुलाकर उनका शोषण किया गया।
एपस्टीन पर आरोप था कि वह अपने निजी जेट ‘लोलिता एक्सप्रेस’ के जरिए कम उम्र की लड़कियों को हाई-प्रोफाइल पार्टियों में लाता था। उसकी सहयोगी और गर्लफ्रेंड गिस्लीन मैक्सवेल को बाद में दोषी ठहराया गया।
2019 में न्यूयॉर्क जेल में एपस्टीन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी, जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या बताया गया।
आज सब कुछ उल्टा करने का दिन! जानिए National Backwards Day का मतलब और इतिहास
Huda Beauty Controversy: क्यों हुडा कट्टन की पोस्ट से नाराज़ हुआ ईरानी समुदाय?






