भारत का पहला मुकाबला अमेरिका (USA) से है।
T20 World Cup 2026 के सबसे बड़े महाकुंभ की आज से शुरुआत हो रही है और वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया एक बार फिर खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। इतिहास गवाह है कि अब तक कोई भी टीम टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड नहीं कर पाई है, ऐसे में रोहित-कोहली युग के बाद सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली यह टीम नया इतिहास रचने के लिए तैयार है।
भारत का पहला मुकाबला अमेरिका (USA) से है। भले ही कागजों पर यह मुकाबला एकतरफा दिखता हो, लेकिन पिछला अनुभव टीम इंडिया को सतर्क रहने का संकेत देता है।
पिछली भिड़ंत में USA ने छुड़ाए थे भारत के पसीने
पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में जब भारत और USA आमने-सामने आए थे, तब अमेरिकी टीम ने भारतीय बल्लेबाजों को खासा परेशान किया था। न्यूयॉर्क के नसाउ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम में USA ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 110 रन बनाए थे, लेकिन भारत को यह लक्ष्य हासिल करने में 18.2 ओवर लग गए थे।
उस मुकाबले के हीरो रहे थे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रावलकर, जिन्होंने पावरप्ले में ही विराट कोहली और रोहित शर्मा को पवेलियन भेज दिया था। यही वजह है कि वानखेड़े की पिच पर एक बार फिर नेत्रावलकर भारतीय बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं।
अमेरिका की टीम
USA की टीम भले ही नई क्रिकेटिंग ताकत हो, लेकिन इसमें अनुभव की कमी नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि 15 सदस्यीय स्क्वॉड में सिर्फ 4 खिलाड़ी अमेरिका में जन्मे हैं, जबकि बाकी खिलाड़ी भारत, पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और अन्य क्रिकेट खेलने वाले देशों से आकर यहां बसे हैं।
एंड्रीज गौस, मोनांक पटेल और हरमीत सिंह जैसे खिलाड़ी टीम की रीढ़ हैं। गौस अमेरिका के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज हैं, जबकि हरमीत सिंह गेंद और बल्ले दोनों से मैच का रुख बदलने का माद्दा रखते हैं।
भारत की हालिया फॉर्म
भारतीय टीम हालिया फॉर्म में किसी भी टीम से कहीं आगे नजर आती है। वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भारत ने कोई भी टी-20 सीरीज नहीं गंवाई है। टीम इंडिया ने पिछले वर्ल्ड कप के बाद अब तक 8 अलग-अलग टीमों के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेली हैं, जिनमें से 4 सीरीज विदेशी धरती पर थीं।
मैच आंकड़ों की बात करें तो भारत ने 34 टी-20 मुकाबलों में से 25 में जीत दर्ज की है। सिर्फ 6 मैचों में हार, 1 टाई और 2 नो-रिजल्ट रहे हैं। हाल ही में रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 209 रन का लक्ष्य महज 15.2 ओवर में हासिल करना टीम की आक्रामक सोच को दर्शाता है।
स्ट्रेंथ और वीकनेस
भारत की ताकत
भारत का बैटिंग ऑर्डर बेहद विस्फोटक है। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं।
मिडिल ऑर्डर में हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह और अक्षर पटेल जैसे मैच विनर मौजूद हैं।
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के साथ कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे मिस्ट्री स्पिनर भारत को संतुलित बनाते हैं।
कमजोर कड़ी
मैच से ठीक पहले हर्षित राणा के चोटिल होकर बाहर होने से टीम की गेंदबाजी और निचले क्रम की बैटिंग पर असर पड़ा है।
हालिया सीरीज में स्पिनर्स के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट पेसर्स के मुकाबले कम रहा है, जिसका फायदा USA उठा सकता है।
टॉप परफॉर्मर्स पर रहेगी नजर
अभिषेक शर्मा: 2024 के बाद से भारत के लिए सबसे ज्यादा रन। 38 मैचों में 1297 रन, स्ट्राइक रेट 194.74।
अर्शदीप सिंह: 34 मैचों में 59 विकेट, डेथ ओवर्स के स्पेशलिस्ट।
एंड्रीज गौस (USA): 25 मैचों में 752 रन, बेस्ट स्कोर 81।
हरमीत सिंह (USA): 25 मैचों में 24 विकेट।
पिच और मौसम रिपोर्ट
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। शाम के समय ओस गिरने की संभावना है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो सकती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।
T20 World Cup 2026 कहां देखें मुकाबला
भारत बनाम USA मुकाबले का LIVE प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।
आज थम जाएंगे ओला-उबर-रैपिडो के पहिए! Nationwide Cab Strike से देशभर में सफर होगा मुश्किल
मनोज बाजपेयी की ‘Ghooskhor Pandit’ विवाद में घिरी, नेटफ्लिक्स को मिला लीगल नोटिस







