दिन का पहला मैच दोपहर 3:30 बजे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में DC vs MI के बीच होगा,
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन में आज रोमांच का डबल डोज देखने को मिलेगा। शनिवार को सीजन का पहला डबल हेडर खेला जाएगा, जिसमें दो बड़े मुकाबले फैंस का मनोरंजन करेंगे। दिन का पहला मैच दोपहर 3:30 बजे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में DC vs MI के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा।
DC vs MI हेड टू हेड मुकाबले
DC vs MI मुकाबला हमेशा से ही रोमांचक रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 37 मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें मुंबई इंडियंस ने 21 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि दिल्ली को 16 मैचों में सफलता मिली है। हालांकि, अरुण जेटली स्टेडियम में आंकड़े थोड़े संतुलित हैं, जहां दिल्ली ने 7 और मुंबई ने 6 मैच जीते हैं।
पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच खेले गए दोनों मुकाबलों में मुंबई ने जीत हासिल की थी, जिससे उसका मनोबल काफी ऊंचा रहेगा।
दोनों टीमों की शानदार शुरुआत
इस सीजन की शुरुआत दोनों टीमों ने जीत के साथ की है। दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 141 रन पर रोकते हुए आसान जीत दर्ज की थी। इस मैच में दिल्ली के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
वहीं, मुंबई इंडियंस ने अपने पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 221 रन का विशाल लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया था। यह जीत मुंबई की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को दर्शाती है।
मुंबई की बल्लेबाजी फॉर्म में
मुंबई इंडियंस के लिए पहले मैच में बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रायन रिकेल्टन ने 43 गेंदों में 81 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जबकि रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 78 रन बनाए। दोनों के बीच 148 रन की ओपनिंग साझेदारी ने मैच का रुख तय कर दिया था।
हालांकि, मुंबई की गेंदबाजी चिंता का विषय बनी हुई है। स्पिनर अल्लाह गजनफर पहले मैच में महंगे साबित हुए, जबकि मयंक मार्कंडे भी ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके। ऐसे में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर की वापसी टीम को संतुलन दे सकती है।
दिल्ली के लिए रिजवी और नटराजन बने हीरो
दिल्ली कैपिटल्स की जीत में युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने अहम भूमिका निभाई थी। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे रिजवी ने 47 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। उनके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने भी उपयोगी योगदान दिया।
गेंदबाजी में थंगारसु नटराजन ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम को दबाव में रखा, जबकि कुलदीप यादव और अक्षर पटेल की स्पिन जोड़ी भी अहम भूमिका निभा सकती है।
पिच रिपोर्ट
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां की छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिनर्स को मदद मिलने लगती है।
इस मैदान पर अब तक 97 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 49 में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। यहां का सर्वोच्च स्कोर 278/3 है, जो सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाया था।
मौसम का हाल
दिल्ली में मौसम भी मैच पर असर डाल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आज गरज के साथ बारिश की संभावना है और करीब 55% बारिश के आसार हैं। तापमान 20 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगर बारिश होती है तो मैच में रुकावट आ सकती है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, विपराज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, थंगारसु नटराजन, समीर रिजवी।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, शेरफन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दूल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, मयंक मार्कंडे, मिचेल सैंटनर।
दूसरे मैच पर भी नजर
दिन का दूसरा मुकाबला गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच अहमदाबाद में खेला जाएगा। दोनों टीमें मजबूत स्क्वॉड के साथ मैदान में उतरेंगी और यह मुकाबला भी हाई-वोल्टेज होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े:
CSK vs PBKS: चेपॉक में आज होगी कड़ी टक्कर, धोनी नहीं खेलेंगे
IAS Rinku Singh Rahi मामला: क्या है पूरा विवाद, जानिए विस्तार से
