Badshah Tatiri song controversy: हरियाणा महिला आयोग का नोटिस, 13 मार्च को होगी सुनवाई
हाल ही में रिलीज हुआ उनका नया गाना ‘टटीरी’ सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना का कारण बन गया है।
Badshah Tatiri song controversy: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह एक बार फिर अपने एक गाने को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में रिलीज हुआ उनका नया गाना ‘टटीरी’ सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना का कारण बन गया है। गाने में कथित तौर पर आपत्तिजनक लिरिक्स और स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को डांस करते दिखाए जाने को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है। इस विवाद ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है और हरियाणा सरकार के मंत्री से लेकर राज्य महिला आयोग तक ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है।
Table of Contents
Toggleमंत्री महिपाल ढांडा ने जताई नाराजगी
हरियाणा सरकार के मंत्री महिपाल ढांडा ने इस पूरे मामले पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस तरह के गीत राज्य की संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाते हैं।
मंत्री ढांडा ने कहा, “इस प्रकार का गायन जो हरियाणा की संस्कृति को धूमिल करता है, बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। जैसे ही यह मामला हमारे संज्ञान में आया, सरकार ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया। मुख्यमंत्री ने भी संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।” उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और गाने की शूटिंग में इस्तेमाल की गई बस तथा संबंधित डिपो की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। यदि जांच में ड्राइवर या कंडक्टर की किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
इस विवाद में हरियाणा राज्य महिला आयोग (HSCW) ने भी हस्तक्षेप किया है। आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने गाने के बोलों को अभद्र और महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया है।
रेणु भाटिया ने कहा कि आयोग को इस गाने को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि गाने के लिरिक्स और वीडियो में महिलाओं को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है, जो सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन करता है। इसके बाद महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए बादशाह को नोटिस जारी किया।
13 मार्च को होगी सुनवाई
6 मार्च को जारी आधिकारिक समन के अनुसार यह मामला गायक बादशाह के खिलाफ दर्ज शिकायतों से जुड़ा है। बता दें कि बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है।
समन में पानीपत के पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि सुनवाई के दौरान सभी संबंधित पक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इस मामले की अगली सुनवाई 13 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे तय की गई है। यह सुनवाई पानीपत स्थित डीसी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित होगी।
महिला आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आगे कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
क्या है Badshah Tatiri song controversy?
दरअसल, 1 मार्च 2026 को बादशाह ने अपना नया गाना ‘टटीरी’ रिलीज किया था। यह गाना एक पुराने हरियाणवी लोकगीत का रीमिक्स बताया जा रहा है, जिसमें बादशाह ने अपने रैप के लिरिक्स जोड़े हैं।
विवाद तब शुरू हुआ जब लोगों ने गाने के वीडियो और बोलों पर आपत्ति जताई। वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को डांस करते दिखाया गया है। वहीं कुछ लिरिक्स को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक और अनुचित बताया है।
कुछ लोगों का कहना है कि लोकगीतों के रीमिक्स बनाते समय उनकी मूल भावना और सांस्कृतिक संदर्भ का सम्मान किया जाना चाहिए। लेकिन इस गाने में ऐसा नहीं किया गया।
यश की ‘Toxic: A Fairytale for Grown Ups’ अब जून में होगी रिलीज, 8 मार्च का ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च रद्द
विवादों के बीच ‘The Kerala Story 2’ हिट, पहले दिन 3.5 करोड़ की कमाई





