International Women’s Day 2026: ‘Give to Gain’ थीम के साथ महिलाओं की ताकत और समानता का संदेश
International Women’s Day 2026: हर साल 8 मार्च को पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन सिर्फ महिलाओं को शुभकामनाएं देने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके संघर्ष, उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को सम्मान देने का दिन भी है। साल 2026 में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम ‘Give to Gain’ यानी ‘देने से पाने’ रखी गई है। इस थीम का मकसद समाज में महिलाओं के लिए समान अवसर पैदा करना और लैंगिक समानता को बढ़ावा देना है।
‘Give to Gain’ का संदेश बहुत सरल लेकिन गहरा है। इसका मतलब है कि जब हम महिलाओं के लिए अवसर, समर्थन और सम्मान देते हैं, तो इसका लाभ पूरे समाज को मिलता है। यानी अगर महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो परिवार, समाज और देश भी आगे बढ़ता है।
क्या है ‘Give to Gain’ थीम का अर्थ?
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 की थीम यह बताती है कि देना वास्तव में घटाना नहीं, बल्कि बढ़ाना होता है। जब कोई व्यक्ति, संस्था या समुदाय महिलाओं को शिक्षा, संसाधन, अवसर या समर्थन देता है, तो इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
इस थीम के तहत लोगों से अपील की जा रही है कि वे महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अलग-अलग तरीकों से योगदान दें। यह योगदान सिर्फ आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है। इसमें ज्ञान साझा करना, मार्गदर्शन देना, अवसर देना, आवाज उठाना और महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करना भी शामिल है।
महिलाओं के लिए समर्थन क्यों जरूरी है?
Women Empowerment Global Campaign यह याद दिलाता है कि दुनिया के कई हिस्सों में आज भी महिलाओं को समान अवसर नहीं मिल पाते। शिक्षा, रोजगार, वेतन और नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में लैंगिक असमानता अब भी दिखाई देती है। यही कारण है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस जैसे अभियान लोगों को यह समझाने का प्रयास करते हैं कि समानता की दिशा में अभी भी काफी काम किया जाना बाकी है।
‘Give to Gain’ अभियान लोगों को प्रेरित करता है कि वे पुरानी रूढ़ियों को चुनौती दें, भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाएं और महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करें। यदि हर व्यक्ति अपने स्तर पर छोटा-सा योगदान भी देता है, तो इसका प्रभाव समाज पर बहुत बड़ा पड़ सकता है।
कैसे दे सकते हैं अपना योगदान?
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अभियान में यह बताया गया है कि कोई भी व्यक्ति अपने तरीके से योगदान दे सकता है। उदाहरण के तौर पर:
- महिलाओं को सम्मान देना
- समान वेतन और अवसर का समर्थन करना
- शिक्षा और प्रशिक्षण के अवसर देना
- महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान और सराहना देना
- कार्यस्थल और समाज में सुरक्षित माहौल बनाना
- मार्गदर्शन और प्रेरणा देना
इन छोटे-छोटे प्रयासों से समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
‘Give to Gain’ एक वैश्विक पहल
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का ‘Give to Gain’ अभियान पूरी दुनिया में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह है कि लोग महिलाओं और लड़कियों के विकास के लिए काम कर रही संस्थाओं और अभियानों को समर्थन दें।
दुनिया भर में कई गैर-लाभकारी संगठन महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे संगठनों को सहयोग देना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सोशल मीडिया पर भी लोग #GiveToGain हैशटैग के जरिए इस अभियान को बढ़ावा दे रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग लैंगिक समानता के लिए आगे आएं।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का इतिहास
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का इतिहास भी बेहद प्रेरणादायक है। इसकी शुरुआत 1908 में न्यूयॉर्क से हुई थी, जब करीब 15,000 महिलाओं ने बेहतर वेतन, कम काम के घंटे और मतदान के अधिकार की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था।
इसके बाद 1910 में जर्मन समाजवादी नेता क्लारा जेटकिन ने कोपेनहेगन में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान महिला दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को कई देशों का समर्थन मिला।
पहली बार 1911 में ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, जर्मनी और स्विट्जरलैंड में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। बाद में 1975 में संयुक्त राष्ट्र (UN) ने इसे आधिकारिक रूप से मान्यता दी।
8 मार्च ही क्यों चुना गया?
8 मार्च की तारीख का भी एक खास इतिहास है। दरअसल 1917 में रूस की महिलाओं ने ‘ब्रेड एंड पीस’ यानी रोटी और शांति की मांग को लेकर ऐतिहासिक हड़ताल की थी। इस आंदोलन के बाद वहां की सरकार को महिलाओं को वोट देने का अधिकार देना पड़ा।
इसी ऐतिहासिक घटना की याद में हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।
महिलाओं की सफलता का उत्सव
आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सिर्फ एक आंदोलन नहीं, बल्कि महिलाओं की सफलता और शक्ति का उत्सव बन चुका है। राजनीति, विज्ञान, खेल, शिक्षा और व्यापार जैसे हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी पहचान बना रही हैं।
‘Give to Gain’ थीम के साथ महिला दिवस 2026 यह संदेश देता है कि अगर हम मिलकर महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका देंगे, तो दुनिया और भी बेहतर और बराबरी वाली जगह बन सकती है।
यह भी पढ़े







