यह मैच कोलकाता के ऐतिहासिक Eden Gardens स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज क्रिकेट प्रेमियों को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा, जहां KKR vs LSG से होगा। यह मैच कोलकाता के ऐतिहासिक Eden Gardens स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। हालांकि, इस मैच पर मौसम का साया मंडरा रहा है, क्योंकि शहर में बारिश की 90% संभावना जताई गई है।
मौसम बन सकता है मैच का बड़ा फैक्टर
कोलकाता में पिछले मुकाबले भी बारिश के कारण रद्द हो चुके हैं और आज भी ऐसी आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार दिन में तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि रात में यह 26-28 डिग्री तक गिर जाएगा। उमस भरे मौसम के साथ यदि बारिश होती है, तो मैच में बाधा आ सकती है या फिर ओवर कम किए जा सकते हैं।
KKR vs LSG हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें लखनऊ का पलड़ा भारी रहा है। LSG ने 4 मैच जीते हैं, जबकि KKR को केवल 2 में जीत मिली है। खास बात यह है कि कोलकाता के होम ग्राउंड पर भी लखनऊ का प्रदर्शन बेहतर रहा है, जहां उसने 3 में से 2 मैच अपने नाम किए हैं।
KKR के फॉर्म में युवा खिलाड़ी चमके
इस सीजन में कोलकाता के लिए युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने 3 मैचों में 110 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं और उनका स्ट्राइक रेट 169.23 रहा है। उनके अलावा टीम के ऑलराउंडर और गेंदबाज भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजरबानी ने अब तक 2 मैचों में 4 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है। हालांकि उनकी इकॉनमी थोड़ी महंगी रही है, लेकिन विकेट लेने की क्षमता उन्हें खास बनाती है।
LSG के लिए ऋषभ पंत और मार्श पर नजर
लखनऊ सुपर जायंट्स की बात करें तो टीम की कमान Rishabh Pant के हाथों में है, जो इस सीजन में टीम के टॉप स्कोरर भी हैं। उनके अलावा ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श और निकोलस पूरन जैसे विस्फोटक बल्लेबाज टीम को मजबूत बनाते हैं।
गेंदबाजी में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने प्रभावित किया है, जबकि अनुभवी मोहम्मद शमी की मौजूदगी टीम के आक्रमण को और धार देती है।
पिच रिपोर्ट
ईडन गार्डन्स की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है, जिससे बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। इस सीजन में यहां खेले गए दोनों मुकाबलों में 200 से अधिक रन बने हैं।
हालांकि मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकती है। मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स को भी थोड़ी मदद मिलने की संभावना है, खासकर अगर पिच सूखी रहती है।
संभावित प्लेइंग- 11
कोलकाता नाइट राइडर्स:
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकुल रॉय, सुनील नारायण, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती।
लखनऊ सुपर जायंट्स:
ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, आवेश खान, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव, मोहम्मद शमी, मणिमरण सिद्धार्थ।
क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल या मिलेगा फुल एंटरटेनमेंट?
दोनों टीमों की मौजूदा फॉर्म और दमदार बल्लेबाजी को देखते हुए यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग और रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है। लेकिन असली सवाल यह है कि क्या मौसम इस रोमांच पर पानी फेर देगा या फैंस को एक और यादगार मुकाबला देखने को मिलेगा।
क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि ईडन गार्डन्स में आज रन बरसेंगे या बारिश।
यह भी पढ़े:
अरुण जेटली स्टेडियम में आज होगा जबरदस्त मुकाबला, DC vs GT में होगी भिड़ंत
Dipika Kakar Health Update: Surgery के बाद फिर निकला Cyst, बोलीं- ‘मैं अब हिल गई हूं’
