यह दर्दनाक घटना सुपरनोवा बिल्डिंग के पीछे स्थित एक गहरे पानी से भरे गड्ढे में हुई, जहां छात्र अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था।
Noida student drowning case: शहर के सेक्टर-125 स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के छात्र की पिकनिक के दौरान डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना सुपरनोवा बिल्डिंग के पीछे स्थित एक गहरे पानी से भरे गड्ढे में हुई, जहां छात्र अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। मृतक की पहचान हर्षित के रूप में हुई है, जो बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन (BPEd) का छठे सेमेस्टर का छात्र था।
कैसे हुई घटना?
पुलिस के अनुसार, बुधवार को हर्षित की छठे सेमेस्टर की परीक्षा थी। पेपर खत्म होने के बाद वह अपने तीन दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए सुपरनोवा के पीछे खाली पड़े इलाके में चला गया। चारों दोस्तों ने वहां मौजूद पानी से भरे गड्ढे को देखकर उसमें नहाने का प्लान बनाया।
बताया जा रहा है कि हर्षित सबसे पहले पानी में उतरा और जैसे ही वह गहराई की ओर बढ़ा, उसका पैर दलदल में फंस गया। देखते ही देखते वह पानी में धंसने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
बचाने के लिए लगायी आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय अचानक “बचा लो, बचा लो” की आवाजें सुनाई दीं। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हर्षित दलदल में पूरी तरह फंस चुका था। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अस्पताल में मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-126 कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और स्थानीय गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने हर्षित को गहरे पानी से बाहर निकाला।
उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गड्ढे की गहराई 70-80 फीट
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह जगह लंबे समय से खाली पड़ी थी। कुछ साल पहले यहां खुदाई कराई गई थी, जिसके बाद यह गड्ढा पानी से भर गया। अनुमान है कि इसकी गहराई 70 से 80 फीट तक है। ऊपर से यह सामान्य तालाब जैसा दिखता है, लेकिन बीच में गहरा दलदल है, जो बेहद खतरनाक है।
गोताखोरों ने भी पुष्टि की कि गड्ढे के बीच में काफी गहराई और दलदली हिस्सा है, जहां फंसने के बाद बाहर निकलना लगभग नामुमकिन हो जाता है।
घटनास्थल से शराब की बोतलें बरामद
पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतलें और बीयर के कैन भी मिले हैं। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि छात्र शराब के प्रभाव में थे या नहीं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
पिता सेना में तैनात
हर्षित के पिता भारतीय सेना में कार्यरत हैं और उनकी पोस्टिंग लद्दाख में बताई जा रही है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार सदमे में आ गया। मां और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
परिजनों ने इस हादसे को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इतनी खतरनाक जगह को खुला क्यों छोड़ा गया और वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम क्यों नहीं थे।
पुलिस जांच जारी, प्रशासन पर उठे सवाल
डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि छात्र की मौत डूबने से हुई है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और ऐसे खतरनाक गड्ढों को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे स्थानों को जल्द से जल्द सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।
यह भी पढ़े:
Nalanda Stampede News: मंदिर में मची भगदड़, महिलाओं समेत 8 श्रद्धालुओं की मौत!
Delhi Crime News: होली पर नशे में देसी कट्टे से फायरिंग, क्राइम ब्रांच ने आरोपी को किया गिरफ्तार
