पिछले कुछ महीनों में इंस्टाग्राम फिशिंग स्कैम के मामलों में तेजी से इजाफा देखा गया है।
Instagram phishing scam: आज के डिजिटल दौर में इंस्टाग्राम केवल फोटो और वीडियो शेयर करने का प्लेटफॉर्म नहीं रह गया है। यह अब लोगों की पहचान, कमाई और बिजनेस का अहम जरिया बन चुका है। यही वजह है कि साइबर अपराधियों की नजर अब इंस्टाग्राम यूजर्स पर भी तेजी से बढ़ रही है।
पिछले कुछ महीनों में इंस्टाग्राम फिशिंग स्कैम के मामलों में तेजी से इजाफा देखा गया है। इस स्कैम में साइबर ठग फर्जी ईमेल या मैसेज भेजकर यूजर्स को डराते हैं और उन्हें एक लिंक पर क्लिक करने के लिए मजबूर करते हैं। जैसे ही यूजर उस लिंक पर अपनी जानकारी दर्ज करता है, उसका अकाउंट हैक हो सकता है।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी-सी सावधानी बरतकर इस तरह के स्कैम से आसानी से बचा जा सकता है।
क्या होता है Instagram phishing scam?
साइबर सिक्योरिटी एडवाइजर राहुल मिश्रा के अनुसार, Instagram phishing scam एक तरह की ऑनलाइन ठगी है। इसमें साइबर अपराधी इंस्टाग्राम या मेटा के नाम से फर्जी ईमेल, मैसेज या लिंक भेजते हैं।
इन मैसेज में अक्सर लिखा होता है कि आपका अकाउंट किसी नियम का उल्लंघन कर रहा है या 24 घंटे के अंदर बंद किया जा सकता है। यूजर घबराकर उस लिंक पर क्लिक कर देता है और नकली लॉगिन पेज पर अपनी जानकारी दर्ज कर देता है। इसके बाद स्कैमर्स आसानी से उसके अकाउंट का कंट्रोल अपने हाथ में ले लेते हैं।
इस तरह दिया जाता है Instagram phishing scam को अंजाम
साइबर अपराधी Instagram phishing scam को बेहद चालाकी से अंजाम देते हैं। सबसे पहले वे ऐसा ईमेल या मैसेज भेजते हैं जो देखने में बिल्कुल आधिकारिक लगता है।
मैसेज में आमतौर पर इस तरह की बातें लिखी होती हैं—
- “आपका इंस्टाग्राम अकाउंट कम्युनिटी गाइडलाइंस का उल्लंघन कर रहा है।”
- “24 घंटे के भीतर आपका अकाउंट सस्पेंड कर दिया जाएगा।”
- “अकाउंट बंद होने से बचाने के लिए तुरंत लॉगिन करें।”
इसके साथ एक लिंक दिया जाता है, जो असली वेबसाइट जैसा दिखता है। जब यूजर उस लिंक पर क्लिक करता है, तो वह एक नकली लॉगिन पेज पर पहुंच जाता है।
यूजर जैसे ही वहां अपना यूजरनेम, पासवर्ड और OTP दर्ज करता है, उसकी सारी जानकारी सीधे स्कैमर्स तक पहुंच जाती है और अकाउंट हैक हो जाता है।
लोग इतनी आसानी से क्यों फंस जाते हैं?
विशेषज्ञों के मुताबिक इस तरह के स्कैम में लोग अक्सर डर और जल्दबाजी के कारण फंस जाते हैं।
जब यूजर को यह मैसेज मिलता है कि उसका अकाउंट बंद होने वाला है, तो वह घबरा जाता है और बिना सोचे-समझे लिंक पर क्लिक कर देता है। इसके अलावा कई बार ये ईमेल और मैसेज इतने प्रोफेशनल तरीके से बनाए जाते हैं कि वे बिल्कुल असली लगते हैं।
साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता की कमी भी एक बड़ी वजह है, जिसकी वजह से लोग अपनी निजी जानकारी खुद ही ठगों को दे देते हैं।
अकाउंट हैक होने के बाद क्या-क्या हो सकता है नुकसान?
अगर आपका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो जाता है तो साइबर अपराधी उसका गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।
हैकर्स सबसे पहले आपका पासवर्ड बदल देते हैं और आपको आपके ही अकाउंट से बाहर कर देते हैं। इसके बाद वे अकाउंट का इस्तेमाल कई तरह के गलत कामों के लिए कर सकते हैं, जैसे—
- आपके फॉलोअर्स से निवेश के नाम पर पैसे मांगना
- फर्जी क्रिप्टो स्कीम या गिवअवे चलाना
- आपत्तिजनक या विवादित पोस्ट करना
- आपकी निजी चैट पढ़ना या उसका दुरुपयोग करना
- आपके दोस्तों को फिशिंग लिंक भेजना
कुछ मामलों में हैकर्स यूजर्स को ब्लैकमेल भी कर सकते हैं या उनके निजी फोटो और वीडियो का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।
फिशिंग ईमेल की पहचान कैसे करें?
अगर इंस्टाग्राम के नाम से कोई ईमेल या मैसेज आए तो सबसे पहले उसके ईमेल डोमेन को ध्यान से जांचें।
आमतौर पर इंस्टाग्राम या मेटा से जुड़े आधिकारिक ईमेल इन डोमेन से आते हैं—
@facebookmail.com
@meta.com
@fb.com
@support.facebook.com
@business.fb.com
अगर ईमेल किसी दूसरे डोमेन से आया है या उसमें स्पेलिंग में थोड़ी भी गड़बड़ी है, तो वह फर्जी हो सकता है।
इसके अलावा अगर किसी ईमेल में आपको पैसे देने, गिफ्ट जीतने या अकाउंट बंद करने की धमकी दी जाए, तो उसे तुरंत नजरअंदाज करना चाहिए।
इन सावधानियों से सुरक्षित रहेगा आपका अकाउंट
इंस्टाग्राम अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है।
किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें
टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूर ऑन रखें
मजबूत और अलग पासवर्ड का इस्तेमाल करें
अज्ञात ईमेल या मैसेज पर भरोसा न करें
अकाउंट की सिक्योरिटी सेटिंग्स नियमित रूप से चेक करते रहें
गलती से लिंक पर क्लिक हो जाए तो तुरंत करें ये काम
अगर आपने गलती से किसी फिशिंग लिंक पर क्लिक कर दिया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। तुरंत कुछ कदम उठाकर नुकसान से बचा जा सकता है।
सबसे पहले अपना इंस्टाग्राम पासवर्ड बदलें और सभी डिवाइस से लॉगआउट करें। इसके अलावा टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन करें और अपने ईमेल अकाउंट की सिक्योरिटी भी चेक करें।
आप इंस्टाग्राम की सेटिंग्स में जाकर “Emails from Instagram” सेक्शन में भी देख सकते हैं कि कौन-सा ईमेल वास्तव में इंस्टाग्राम की ओर से आया है।
डिजिटल दौर में ऑनलाइन सुरक्षा बेहद जरूरी हो गई है। थोड़ी-सी जागरूकता और सावधानी से आप अपने सोशल मीडिया अकाउंट को साइबर अपराधियों से सुरक्षित रख सकते हैं।
यश की ‘Toxic: A Fairytale for Grown Ups’ अब जून में होगी रिलीज, 8 मार्च का ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च रद्द
धूप में रखा पानी पीने से मिलेगा Vitamin-D? डॉक्टर ने बताया वायरल दावे का पूरा सच






